विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भिवानी डिपो को मिलेंगी 40 नई बसें, 2 माह में सड़कों पर उतरने की उम्मीद

Published: Fri, 20 Nov 2026 03:26 PM (IST)

भिवानी डिपो को अगले दो माह में 40 नई बसें मिलने की उम्मीद है, जिससे लोकल और लंबे रूटों पर यात्रियों को राहत मिलेगी।

भिवानी डिपो को मिलेंगी 40 नई बसें (जागरण- फाइल फोटो)

भिवानी डिपो को मिलेंगी 40 नई बसें (जागरण- फाइल फोटो)


HighLights

  1. भिवानी डिपो को जल्द मिलेंगी 40 नई बसें।

  2. टायरों की कमी से 40 से अधिक बसें खड़ी।

  3. लोकल रूटों पर यात्रियों को हो रही परेशानी।

जागरण संवाददाता, भिवानी। भिवानी डिपो में बसों की कमी दो माह में पूरी होने वाली है। भिवानी डिपो को 40 नई बसें मिलने वाली हैं। अधिकारियों के अनुसार, अगले दो माह में इन बसों के डिपो पहुंचने की संभावना है।

नई बसें मिलने से लोकल और लंबे रूटों पर बसों की उपलब्धता बढ़ेगी और यात्रियों को राहत मिलेगी। वर्तमान में भिवानी डिपो में 127 बसें हैं। इसके अलावा लोहारू में 45 और तोशाम में 46 बसें उपलब्ध हैं।

इस तरह जिले के विभिन्न डिपो और सब डिपो में बसों का बेड़ा होने के बावजूद यात्रियों की जरूरत के मुताबिक बसें सड़कों पर नहीं उतर पा रही हैं। इसका प्रमुख कारण टायरों की कमी है। 40 से अधिक बसें बिना टायरों के खड़ी हैं। ऐसे में बसों की कमी का सीधा असर परिवहन व्यवस्था पर पड़ रहा है।

लोकल रूटों पर यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी 

भिवानी से प्रतिदिन करीब नौ से 10 हजार यात्री बसों के माध्यम से सफर करते हैं। बसों की कमी के चलते बहल, लोहारू और तोशाम जैसे लोकल रूटों पर यात्रियों को काफी इंतजार करना पड़ रहा है।

कई बार बसों में भीड़ इतनी बढ़ जाती है कि यात्रियों को अगली बस का इंतजार करना पड़ता है। दिल्ली, जींद और अन्य लंबे रूटों पर भी बसों की संख्या कम होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ी है।

यात्रियों का कहना है कि बसों की कमी का असर रोजमर्रा के कामकाज पर पड़ रहा है। खासकर नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों को दिक्कत उठानी पड़ रही है।

यात्री बोले- बसों की कम संख्या होने से करना पड़ता है इंतजार

बहल रूट पर सफर करने वाले एक यात्री अशोक ने बताया बसों की संख्या कम होने के कारण कई बार काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। समय पर बस नहीं मिलने से काम और जरूरी कार्य प्रभावित होते हैं।

लोहारू रूट के एक अन्य यात्री साहिल ने कहा सुबह और शाम के समय बसों में काफी भीड़ रहती है। बसों के फेरे बढ़ने चाहिए, ताकि विद्यार्थियों और नौकरी पर जाने वाले लोगों को परेशानी न हो।

टायरों की कमी दूर करने की तैयारी

परिवहन अधिकारियों के अनुसार, बसों को सड़क पर उतारने में टायरों की कमी बाधा बनी हुई है। रिसोल टायरों की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि नए टायरों के लिए भी जल्द टेंडर किया जाना है। टायर उपलब्ध होते ही खड़ी बसों को भी दोबारा संचालन में लाने का प्रयास किया जाएगा।

नंबर गेम 

  • भिवानी डिपो में बसें : 127
  • लोहारू में बसें : 45
  • तोशाम में बसें : 46
  • टायरों के अभाव में खड़ी बसें : 40 से अधिक
  • प्रतिदिन यात्रियों की संख्या : नौ से 10 हजार
  • नई बसों की प्रस्तावित संख्या : 40


भिवानी डिपो को 40 नई बसें अलाट हुई हैं। बिल्ट करवाने के बाद जल्द डिपो को ये बसें मिल जाएंगी। इससे यात्रियों को फायदा होगा। रिसोल टायरों का टेंडर हो गया है। उम्मीद है जल्द ही नए टायरों का टेंडर भी हो जाएगा। इसके बाद टायरों की कमी भी नहीं रहेगी। रिसोल टायरों का टेंडर हो गया है। -दीपक कुंडू, महाप्रबंधक भिवानी डिपो।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।