विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भिवानी के बहल में भयंकर तबाही! केमिकल टैंकर पलटने के बाद लगी भीषण आग, 30 दुकान-रेहड़ियां जलकर राख

Published: Sun, 20 Sep 2026 09:59 AM (IST)

भिवानी के बहल में एक केमिकल टैंकर पलटने के बाद भीषण आग लग गई, जिससे लगभग 30 दुकानें और रेहड़ियां जलकर राख हो गईं।

गुजरात से सोनीपत जा रहा केमिकल टैंकर बहल में पलटा।

गुजरात से सोनीपत जा रहा केमिकल टैंकर बहल में पलटा।

HighLights

  1. बहल के राजगढ़ मार्ग पर केमिकल टैंकर पलटा

  2. पलटे टैंकर में लगी भीषण आग, 30 दुकानें जलीं

  3. नाले में फैले केमिकल से 2 किलोमीटर तक आग

जागरण संवाददाता, भिवानी। बहल के राजगढ़ मार्ग पर शनिवार देर रात करीब साढे 11 बजे एक ज्वलनशील केमिकल से भरा टैंकर पलट गया। टैंकर नाले के पास पलटा तो केमिकल नाले में बहने लगा।

रविवार सुबह करीब आठ बजे पलटे टैंकर को उठाने लगे तो अचानक आग लग गई। आग ने टैंकर के अलावा आसपास की करीब 30 रेहड़ियों व खोखो को भी अपनी चपेट में ले लिया।

केमिकल के कारण नाले में भी आग लग गई। डिस्पोजल तक करीब दो किलोमीटर तक नाले में केमिकल जा चुका था और जहां तक केमिकल गया, वहां तक आग लग गई।
हादसा शनिवार रात करीब साढे़ 11 बजे का है। ज्वलनशील केमिकल से भरा एक टैंकर गुजरात के कांडला से चलकर सोनीपत जा रहा था। जब वह बहल के राजगढ़ मार्ग पर पहुंचा तो अचानक संतुलन बिगड़ने से पलट गया।जिससे उसमे भरा केमिकल वहां बिखर गया।

पास ही नाला था, जिसमें अधिकतर केमिकल गया। रविवार सुबह आठ बजे टैंकर को उठाने के लिए जेसीबी से प्रयास शुरू हुए तो उसमें अचानक आग लग गई। केमिकल में आग तेजी से फैली और देखते ही देखते पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।

WhatsApp Image 2026-09-20 at 9.31.41 AM

वहां आसपास करीब 30 फल आदि की रेहड़ियां व चाय के खोखे थे। जिनमें आग लग गई। चाय के खोखो पर सिलेंडर भी थे, जो आग लगने से फट गए। नाले में बिखरे केमिकल में भी आग लग गई।

आग की सूचना पर सिवानी से दमकल विभाग की गाड़ी पहुंची मगर वह नाकाफी साबित हुई और जल्द ही पानी खत्म होगया। जिसके बाद भिवानी, हांसी, हिसार से भी दमकल की गाड़ियां मंगवाई गई। आग बुझाने के प्रयास किए जा रहे है।

यह भी पढ़ें- हरियाणा के गांवों की पगडंडियों से निकलकर जापान के मैदानों तक पहुंचे 14 खिलाड़ी, भारत के लिए बने पदक के दावेदार