चीन में हादसे का शिकार हुए अजीत चौहान का शव दो माह बाद भारत लौटा, भिवानी में होगा अंतिम संस्कार
भिवानी के चांग गांव निवासी अजीत चौहान का शव चीन से दो माह बाद भारत लाया जा रहा है, जिसकी मौत जहाज पर कंटेनर गिरने से हुई थी। मंगलवार रात दिल्ली पहुंचने के बाद बुधवार को गांव में उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा, जिससे परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
-1795596532112_m.webp)
भिवानी गांव चांग के निवासी 26 वर्षीय अजीत चौहान (फाइल फोटो)
HighLights
अजीत चौहान का शव दो माह बाद चीन से भारत आया
जहाज पर कंटेनर गिरने से हुई थी अजीत की दुखद मौत
भिवानी के गांव चांग में बुधवार को होगा अंतिम संस्कार
जागरण संवाददाता, भिवानी। गांव चांग निवासी 26 वर्षीय अजीत चौहान का शव करीब दो माह बाद चीन से भारत लाया जा रहा है। जहाज पर काम करते समय पांच टन वजनी कंटेनर ऊपर गिरने से अजीत की मौत हो गई थी।
चीन में जरूरी दस्तावेजों की प्रक्रिया के चलते शव को भारत लाने में परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मंगलवार रात शव दिल्ली पहुंचेगा और बुधवार को गांव चांग में उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। जवान बेटे की मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
अजीत चौहान के चाचा बजरंग ने बताया कि अजीत पिछले करीब चार साल से मर्चेंट नेवी में नौकरी कर रहा था। वह जहाज पर इंजीनियर के पद पर तैनात था। 26 सितंबर को वह हांगकांग से चीन गया था। वहां जहाज पर सामान लोड किया जा रहा था।
इसी दौरान दूसरे इंजीनियर ने दो टन वजन उठाने की क्षमता वाली बेल्ट से पांच टन वजनी कंटेनर उठा दिया। अधिक वजन होने के कारण बेल्ट टूट गई और कंटेनर नीचे काम कर रहे अजीत के ऊपर गिर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बजरंग ने बताया कि अजीत की करीब दो साल पहले शादी हुई थी। उसका बड़ा भाई मनजीत भी मर्चेंट नेवी में नौकरी करता है। हादसे के बाद से परिवार अजीत के शव के भारत आने का इंतजार कर रहा था। चीन में दस्तावेजों से जुड़ी प्रक्रिया पूरी होने में काफी समय लग गया। अब करीब दो माह बाद उसका शव भारत पहुंच रहा है। बुधवार को गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।