भिवानी के बवानीखेड़ा की सड़कें होंगी स्मार्ट, CCTV से निगरानी और मुफ्त WI-FI की मिलेगी सुविधा
बवानीखेड़ा में सड़कों की तस्वीर बदलने की तैयारी है, जहां नगर पालिका मुख्य मार्ग को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित करेगी।

भिवानी के बवानीखेड़ा की सड़कें होंगी स्मार्ट (जागरण फोटो)
HighLights
बवानीखेड़ा में मुख्य मार्ग को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया जाएगा
सड़क पर सीसीटीवी कैमरे और मुफ्त वाईफाई की सुविधा मिलेगी
एलईडी लाइटें, आकर्षक फुटपाथ और हरियाली भी होगी
राजेश कादियान, बवानीखेड़ा। बवानीखेड़ा कस्बे की सड़कों की तस्वीर बदलने और शहर को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर पालिका ने कस्बे के मुख्य मार्ग को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित करने की योजना तैयार करनी शुरू कर दी है।
इस परियोजना पर करोड़ों रुपये खर्च होने का अनुमान है। योजना सिरे चढ़ी तो यहां से गुजरने वाले लोगों को बेहतर सड़क के साथ आधुनिक सुविधाएं भी मिलेंगी। खास बात यह होगी कि स्मार्ट रोड पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी और लोगों को मुफ्त वाईफाई की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
नगर पालिका की प्रस्तावित योजना के तहत नागरिक अस्पताल से हांसी चुंगी तक करीब 1.50 किलोमीटर लंबे मार्ग को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। इस मार्ग को केवल चौड़ा और सुंदर बनाने तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की तैयारी है।
योजना के अनुसार सड़क के दोनों ओर गंदे पानी की निकासी के लिए विशेष नालों का निर्माण करवाया जाएगा, ताकि जलभराव की समस्या से भी राहत मिल सके।
रोशनी के लिए एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी
स्मार्ट रोड पर रात के समय बेहतर रोशनी के लिए एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। वहीं, डिवाइडरों पर फूलों की आकर्षक बगिया विकसित की जाएगी और आसपास सुंदर पौधे लगाए जाएंगे। इससे सड़क के दोनों ओर हरियाली बढ़ने के साथ कस्बे की सुंदरता में भी इजाफा होगा।
इसके अलावा राहगीरों की सुविधा के लिए आकर्षक फुटपाथ और दिशा बताने वाले साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। सुरक्षा के लिहाज से पूरे मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी प्रस्ताव है। वहीं, मुफ्त वाईफाई की सुविधा इस परियोजना को आधुनिक स्वरूप प्रदान करेगी। नगर पालिका योजना को अंतिम रूप देने के बाद मंजूरी के लिए उच्च अधिकारियों के पास भेजेगी।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगी स्मार्ट रोड: सुंदर अत्री
नगर पालिका अध्यक्ष सुंदर अत्री ने बताया कि कस्बे में स्मार्ट रोड बनाने की योजना विचाराधीन है। इसके निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जाएगा, जिसमें सीसीटीवी कैमरे, मुफ्त वाईफाई, एलईडी लाइटें, आकर्षक फुटपाथ और हरियाली की व्यवस्था शामिल होगी। यह परियोजना बवानीखेड़ा के सुंदरीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।