बाजार खुलने के बाद परिवहन विभाग ने बढ़ाया बसों का संचालन
कोरोना संक्रमण के घटते मामलों को ध्यान में रखते हुए सरका
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : कोरोना संक्रमण के घटते मामलों को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा लॉकडाउन के चौथे चरण में सुबह सात से दोपहर 12 बजे तक दुकानें खोलने की अनुमति दे दी है। जिसके चलते दादरी शहर के अलावा गांवों से भी लोग बाजारों में आने लगे हैं। ऐसे में अब परिवहन विभाग ने भी रोडवेज बसों का संचालन बढ़ा दिया है।
गौरतलब है कि दादरी रोडवेज डिपो में करीब 85 बसें हैं। लॉकडाउन से पहले इनमें से करीब 75 बसें विभिन्न रूटों पर सफर तय करती थी। लेकिन बीती तीन मई से लागू किए गए लॉकडाउन के दौरान लोगों का आवागमन कम हो गया था। जिसके चलते दादरी रोडवेज डिपो से महज 10 से 15 ही बसें चलाई जा रही थी। लेकिन बीते सोमवार से लॉकडाउन में कुछ ढील मिलने के बाद लोग भी घरों से बाहर निकलने लगे हैं। जिसको देखते हुए अब दादरी डिपो से 20 से 25 बसों का विभिन्न रूटों पर संचालन शुरू हो गया है। दादरी बस स्टैंड इंचार्ज सत्यप्रकाश ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान दादरी डिपो से बहादुरगढ़, गुरुग्राम, हिसार, भिवानी व चंडीगढ़ के लिए बसें चलाई जा रही थी। लेकिन अब रूटों में वृद्धि करते हुए दादरी से कोसली, कनीना, सतनाली, भिवानी, लोहारू सहित अन्य रूटों पर भी बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। सत्यप्रकाश ने बताया कि पहले केवल लंबे रूटों पर ही बसें चलाई जा रही थी, लेकिन अब लॉकडाउन में ढील देने के बाद दुकानदार व ग्राहकों सहित अन्य लोग भी गांवों से शहर में आने लगे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अब लॉकल रूट्स पर भी बसें चलाई गई हैं। कोविड नियमों की हो रही पालना
बस स्टैंड इंचार्ज सत्यप्रकाश ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार बसों में निर्धारित से आधी सीटों पर ही सवारियों को बैठाया जा रहा है। इसके अलावा कोविड नियमों की पालना भी की जा रही है। जिसमें फेस मास्क व शारीरिक दूरी का ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड पर किसी रूट की अधिक सवारी होने पर अधिकारियों की अनुमति से उस रूट पर भी बस चलाई जा रही है।