एसवाईएल के पानी के लिए सड़क से लेकर संसद तक करेंगे संघर्ष : अभय
एसवाईएल के पानी पर हरियाणा के किसानों का वाजिब हक है। कांग्रे
संवाद सहयोगी, बाढड़ा : एसवाईएल के पानी पर हरियाणा के किसानों का वाजिब हक है। कांग्रेस ने कई वर्षों तक व अब मौजूदा गठबंधन सरकार केवल दिखावे की लड़ाई लड़ रही है। एसवाईएल के पानी को लाने के लिए इनेलो कार्यकर्ता सड़क से विधानसभा तक बुलंद तरीके से आवाज उठाएंगे। प्रदेश में चल रहे भ्रष्टाचार के गोरखधंधे पर पार्टी की नजरें हैं और बरौदा उपचुनाव में सत्तापक्ष व कांग्रेस की मिलीभगत को उजागर किया जाएगा। यह बात वरिष्ठ इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कस्बे के जनसेवा महासंघ संयोजक सत्यवान शास्त्री के कार्यालय में कल देर सायं पत्रकारों के समक्ष कही। उन्होंने कहा कि वे स्पष्टवादिता की राजनीति करते हैं लेकिन आज प्रदेश के कई राजनैतिक दल केवल झूठ बोलकर जनता को बहला फुसला रहे हैं। जब से प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनी है हर रोज किसी न किसी विभाग में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आ जाता है। बाढड़ा उपमंडल को डार्कजोन में शामिल कर सरकार यहां पर विकास को ठप कर रही है। सत्ता पाने के नौ माह बाद भी सीएम व डिप्टी सीएम यहां पर आने की बजाए केवल वीडियो कांफ्रेसिग के माध्यम से विकास के बड़े बड़े दावे करने में जुटे हैं। इस अवसर पर इनेलो जिलाध्यक्ष विजय पंचगावां, एचपीएससी के पूर्व सदस्य महेन्द्र शास्त्री, सत्यवान शास्त्री, विकास मिश्रा भी उपस्थित रहे।