भिवानी में तेज रफ्तार कार ने दंपती को कुचला, शिक्षिका की मौत; पति की हालत गंभीर
भिवानी के खरक कलां में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार दंपती को कुचल दिया, जिसमें तीन बच्चों की मां ...और पढ़ें
-1794422610247_m.webp)
तेज रफ्तार कार ने दंपती को कुचला। सांकेतिक फोटो
HighLights
खरक कलां में कार ने स्कूटी सवार दंपती को कुचला।
शिक्षिका सोनिया की मौत, पति हितेश गंभीर रूप से घायल।
हाईकोर्ट जस्टिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, भिवानी। गांव खरक कलां के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार दंपती को कुचल दिया। हादसे में तीन बच्चों की मां और निजी स्कूल की शिक्षिका सोनिया 32 की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके पति हितेश 37 की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
संयोग से वहां से गुजर रहे पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस हरसिमरन सिंह सेठी ने घायलों को देखकर तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और पायलट वाहन से दोनों को भिवानी के निजी अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए। पुलिस ने मृतका के देवर मुकेश के बयान पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर वाहन कब्जे में ले लिया है।
मंदिर से लौट रहे दंपती को पीछे से मारी टक्कर
गांव खरक कलां निवासी जयप्रकाश के अनुसार, उनके भतीजे हितेश और पुत्रवधू सोनिया मंगलवार को मंदिर में पूजा करने गए थे। पूजा के बाद दोनों इलेक्ट्रिक स्कूटी से घर लौट रहे थे। खरक कलां बस स्टैंड के पास स्कूल के नजदीक पीछे से आई राजस्थान नंबर की तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार दोनों को कुचलते हुए आगे निकल गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हाईकोर्ट के जज ने रुकवाई पायलट गाड़ी
लोहारू से चंडीगढ़ लौट रहे पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के जस्टिस हरसिमरन सिंह सेठी ने हादसा देखकर तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई। उन्होंने साथ चल रही पायलट गाड़ी के चालक को घायलों को अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए। एडीजे डा. संजीव आर्य के ट्रांसलेटर गोपाल अग्रवाल के अनुसार जस्टिस ने कहा कि उन्हें पायलट की जरूरत नहीं है, पहले घायलों को अस्पताल पहुंचाया जाए। इसके बाद दोनों को भिवानी के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया
सोनिया गांव कलिंगा के निजी स्कूल में शिक्षिका थी, जबकि हितेश ट्रांसपोर्ट में नौकरी करता है। दंपती के तीन बच्चे हैं। इनमें 13 और 11 साल की दो बेटियां तथा सात साल का एक बेटा है। परिवार के अनुसार, दोनों मेहनत करके बच्चों का पालन-पोषण कर रहे थे। सोनिया की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने आरोप लगाया कि कार चालक नशे में था। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
मृतक महिला के देवर के बयान पर केस दर्ज
खरक कलां पुलिस चौकी के एसआई सीताराम ने बताया कि हादसे में महिला की मौत और उसके पति के घायल होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मृतका के पति हितेश के भाई मुकेश के बयान पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपित कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।