हरियाणा के भिवानी में चलती कार में लगी आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान; धू-धूकर जली गाड़ी
भिवानी में नेहरू पार्क के सामने चलती रिट्ज कार में अचानक आग लग गई, जिससे चालक ने कूदकर अपनी जान ...और पढ़ें
-1794057603890_m.webp)
भिवानी में चलती कार में लगी आग। फोटो जागरण
HighLights
भिवानी के नेहरू पार्क के पास चलती रिट्ज कार में लगी आग।
चालक शुभम ने सूझबूझ से कूदकर अपनी जान बचाई, बड़ा हादसा टला।
शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट आग का कारण।
जागरण संवाददाता, भिवानी। नेहरू पार्क के सामने शनिवार को चलती रिटज कार अचानक आग का गोला बन गई। बोनट से धुआं निकलने के बाद चालक ने गाड़ी रोककर बाहर छलांग लगा दी। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और गाड़ी सड़क पर धू-धू कर जलने लगी। घटना से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार कार चालक शुभम अपने आफिस से हांसी गेट की तरफ जा रहा था। नेहरू पार्क के पास अचानक बोनट से धुआं उठने लगा। उसने गाड़ी रोककर बोनट खोला तो डैशबोर्ड की तरफ आग की लपटें दिखाई दीं। चालक तुरंत बाहर निकला। आसपास के लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेजी से फैलती चली गईं।
तेजी से फैलती गई आग
सूचना पर शहर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास की दुकानों से सामान हटवाकर यातायात नियंत्रित किया। दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी।
शहर थाना प्रभारी जरनैल सिंह के अनुसार शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी या शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। कार डीजल से चलती थी और उसमें सीएनजी किट नहीं थी। आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।