भिवानी में शराब ठेके पर पव्वा लेने गए व्यक्ति को सेल्समैन ने डंडे से पीटा, पीजीआई रेफर
चरखी दादरी के कन्हेटी गांव में शराब ठेके पर पव्वा लेने गए एक व्यक्ति को सेल्समैन ने डंडे से पीटकर ...और पढ़ें
-1794477060016_m.webp)
शराब ठेका। फाइल फोटो
HighLights
कन्हेटी गांव में शराब ठेके पर ग्राहक से मारपीट।
सेल्समैन ने डंडे से पीटकर व्यक्ति को किया घायल।
घायल को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर।
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। जिले के गांव कन्हेटी में शराब के ठेके पर पव्वा लेने गए एक व्यक्ति के साथ सेल्समैन द्वारा डंडे से हमला कर घायल करने का मामला सामने आया है। घायल को चरखी दादरी सिविल अस्पताल ले जाया गया। लेकिन गंभीर चोटें होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया गया। उसने पुलिस को शिकायत देकर उक्त सेल्समैन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। जिसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव कन्हेटी निवासी राजेश कुमार ने बताया कि 11 नवंबर शाम करीब साढ़े पांच बजे वह घर से गांव के शराब ठेके पर गया था। वहां उसने ठेके पर समसपुर निवासी सेल्समैन से शराब का एक पव्वा मांगा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पव्वा देते समय सेल्समैन ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उसने विरोध किया तो वह ठेके में रखा डंडा लेकर बाहर आने लगा।
इस पर वह वहां से भागने लगा, लेकिन सेल्समैन ने उसका रास्ता रोक लिया और डंडे, थप्पड़ व मुक्कों से उसकी पिटाई कर दी। राजेश का आरोप है कि इस दौरान उसे जान से मारने की भी धमकी दी। मारपीट करने के बाद आरोपित ठेके पर ताला लगाकर वहां से चला गया। बाद में उसकी पत्नी उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंची। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया।