विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चरखी दादरी में 3 बच्चों की मां सहित छात्रा व युवक लापता, तीनों के फोन बंद; जांच में जुटी पुलिस

Published: Sun, 29 Nov 2026 05:53 PM (IST)

चरखी दादरी जिले में एक छात्रा, तीन बच्चों की मां और एक युवक समेत तीन लोग अलग-अलग मामलों में लापता हो गए हैं। स्वजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी के मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जिले में तीन बच्चों की मां सहित छात्रा व युवक लापता, पुलिस जांच में जुटी।

जिले में तीन बच्चों की मां सहित छात्रा व युवक लापता, पुलिस जांच में जुटी।

HighLights

  1. चरखी दादरी में तीन लोग अलग-अलग मामलों में लापता

  2. एक छात्रा, तीन बच्चों की मां और युवक हुए लापता

  3. पुलिस ने गुमशुदगी के मामले दर्ज कर जांच शुरू की

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। जिले में अलग-अलग स्थानों से एक छात्रा, तीन बच्चों की मां और एक युवक के लापता होने के मामले सामने आए हैं। तीनों मामलों में स्वजनों ने अपने स्तर पर तलाश करने के बाद पुलिस को शिकायत दी है। शिकायतों के आधार पर सदर व बाढड़ा थाना पुलिस ने गुमशुदगी के मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कालेज गई छात्रा घर नहीं लौटी

बाढड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव से कालेज गई 21 वर्षीय छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 21 वर्षीय बेटी बीए फाइनल की छात्रा है। 27 नवंबर को सुबह करीब 10 बजे वह घर से कालेज जाने के लिए निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी।

उन्होंने अपने स्तर पर रिश्तेदारियों और अन्य संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर बेटी की तलाश करने की मांग की है।

तीन बच्चों की मां घर से लापता

सदर थाना क्षेत्र के एक गांव से तीन बच्चों की मां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। लापता महिला के पति ने पुलिस को शिकायत देकर उसकी पत्नी की तलाश करने की गुहार लगाई है। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2013 में रोहतक जिले के एक गांव निवासी महिला के साथ हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं।

व्यक्ति ने बताया कि वह एक शादी समारोह में गया हुआ था जबकि तीनों बच्चे अपने मामा के घर गए हुए थे। जब वह वापस घर लौटा तो उसकी पत्नी घर पर नहीं मिली।

उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। उसने अपने स्तर पर कई जगह तलाश की, लेकिन पत्नी का कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत देकर पत्नी की तलाश करने की गुहार लगाई है।

युवक बिना बताए घर से निकला, मोबाइल भी बंद

गांव समसपुर निवासी एक व्यक्ति ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 23 वर्षीय बेटा विशाल निजी काम करता है। 28 नवंबर को सुबह करीब नौ बजे उसका बेटा बिना बताए घर से कहीं चला गया। काफी समय तक वापस नहीं लौटने पर स्वजनों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला।

इसके बाद उन्होंने अपने स्तर पर आसपास और अन्य संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। स्वजनों की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।