चरखी दादरी में जोहड़ में डूबने से 48 वर्षीय व्यक्ति की मौत, पुलिस ने दर्ज किया मामला
चरखी दादरी के बौंदकलां गांव में एक 48 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में जोहड़ में डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी।
-1793531095751_m.webp)
जोहड़ में डूबने से व्यक्ति की मौत। सांकेतिक फोटो
HighLights
चरखी दादरी के बौंदकलां गांव में व्यक्ति की मौत।
48 वर्षीय अनिल कुमार जोहड़ में डूबे, शव मिला।
पुलिस ने इत्तफाकिया मौत का मामला दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। जिले के गांव बौंदकलां में संदिग्ध परिस्थितियों में जोहड़ में डूबने से व्यक्ति की मौत हो गई। ग्रामीणों ने जोहड़ में शव को देखा तो पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद बौंद कलां थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवा कर सिविल अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान बौंदकलां निवासी 48 वर्षीय अनिल कुमार के रूप में हुई है।
शव का पोस्टमार्टम करवाने सिविल अस्पताल पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि अनिल शादीशुदा था और परिवार के दूसरे सदस्य गुरुग्राम रहते हैं जबकि वह अकेला गांव में रहता था। शुक्रवार शाम को वह चांदूदास धाम पर गया था। सुबह ग्रामीण जोहड़ में मछलियों को आटा इत्यादि डालने गए तो उन्होंने जोहड़ में शव को देखा। जिसके बाद डायल-112 पर काल कर सूचना दी गई।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए चरखी दादरी सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां, स्वजनों के बयान दर्ज कर कागजी कार्यवाही के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि वह जोहड़ के किनारे लेटा होगा और बाद में गहरी नींद में जोहड़ में गिरा है। पुलिस ने मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।