विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भिवानी के 29 गांवों में बनेंगे 48 आंगनबाड़ी केंद्र भवन, 50 फीसदी बजट हुआ जारी

Published: Sat, 21 Nov 2026 02:52 PM (IST)

चरखी दादरी जिले के 29 गांवों में 48 आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण के लिए 7.27 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है, जिसकी आधी राशि जारी कर दी गई है। 

भिवानी के 29 गांवों में बनेंगे 48 आंगनबाड़ी केंद्र भवन। फोटो जागरण

भिवानी के 29 गांवों में बनेंगे 48 आंगनबाड़ी केंद्र भवन। फोटो जागरण

HighLights

  1. चरखी दादरी में 48 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण होगा।

  2. 7.27 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत, आधी राशि जारी।

  3. दिसंबर तक निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों को अपना भवन उपलब्ध करवाने की योजना अब धरातल पर उतरने की तैयारी में है। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जिले के 29 गांवों में 48 आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन बनाने के लिए 7 करोड़ 27 लाख 68 हजार रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।

इनमें से आधी राशि 3 करोड़ 63 लाख 84 हजार रुपये निर्माण कार्यों के लिए जारी कर दी गई है। बजट जिला परिषद के माध्यम से खर्च किया जाएगा। विकास एवं पंचायत विभाग ने जिला परिषद के अधिकारियों को निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद 48 में से 40 भवनों की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर आवंटित होने के साथ ही दिसंबर माह के दौरान कार्य शुरू होने की संभावना है।

सीएम घोषणा की इस योजना में नए भवन बनाने के साथ जरूरत के अनुसार कुछ स्थानों पर पहले से मौजूद आंगनबाड़ी भवनों का पुनर्निर्माण भी कराया जाएगा। जिले में कई ऐसे केंद्र हैं, जहां बच्चों को बैठाने और अन्य गतिविधियों के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है। कुछ केंद्रों के पास अपना भवन तक नहीं है।

ऐसे में नई योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी सेवाओं के संचालन के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा तैयार हो सकेगा। उसी को ध्यान में रखते हुए इन आंगबाड़ी भवनों के लिए बजट जारी हुआ है। अधिकारियों के अनुसार 48 में से 40 की टेंडर पूर्व की सभी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब इनकी टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिसके बाद जल्द निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा।

पालड़ी और कलियाणा में सबसे अधिक भवन

विभाग की ओर से तैयार प्रस्ताव में पालड़ी और कलियाणा को सबसे अधिक चार-चार आंगनबाड़ी भवन मिले हैं। जावा गांव में तीन भवन बनाए जाएंगे। इसके अलावा झोझू कलां, बादल, डाढ़ी बाना, मंदौला, बलाली, बालरोड़, बधवाना, चंदेनी, बडराई, दगड़ौली और पिचौपा खुर्द में दो-दो भवनों का निर्माण प्रस्तावित है। चांगरोड़, तिवाला, छिल्लर, बलकरा, कादमा, गोपालवास, रामबास, मैहड़ा, रामलवास, ऊण, रूदड़ौल, पिचौपा कलां, ढाणी खूबी और शिशवाला में एक-एक भवन बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत मिली है मंजूरी

जिले के कई गांवों में आंगनबाड़ी केंद्रों के पास खुद का भवन नहीं होने की समस्या के चलते स्थानीय जन प्रतिनिधियों के जरिए सीएम तक यह मांग पहुंची। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी निर्माण की घोषणा की। घोषणा के तहत जिले के 29 गांवों में 48 भवनों के निर्माण को मंजूरी मिली। बजट की पहली किस्त जारी होने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होने से अब योजना के आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।

जल्द होगा निर्माण कार्य पूरा: एक्सईएन

पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता हरेंद्र सिंह ने बताया कि जिले के 29 गांवों में जो 48 आंनबाड़ी भवन बनने हैं। उनमें से 40 भवनों के लिए ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव से लेकर टेंडर पूर्व के सभी काम पूरे हो चुके हैं और टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

वहीं, बाकी बचे हुए आठ भवनों के लिए जल्द टेंडर पूर्व की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। टेंडर लगने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। एक्सईएन ने कहा कि दिसंबर माह के दौरान इन भवनों के निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।