फर्जी महिला एसएचओ के खिलाफ 3 और मामले आए सामने
भिवानी : महिला एसएचओ बनकर लोगों से ठगी करने वाली भाजपा नेत्री के खिलाफ त
जागरण संवाददाता, भिवानी : महिला एसएचओ बनकर लोगों से ठगी करने वाली भाजपा नेत्री के खिलाफ तीन मामले और सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपित महिला के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत 3 अलग-अलग मामले दर्ज करके कार्रवाई आरंभ कर दी है। तीनों मामलों में जालसाजी के तहत रुपये एंठने के मामले ही दर्ज करवाए गए हैं।
झूठा केस दर्ज करा 5.5 लाख ठगे
केस-1 :
सब्जी मंडी प्रधान सुशील कुमार लोटा ने आरोप लगाया कि उक्त महिला ने झूठा केस दर्ज करवाकर साढ़े 5 लाख रुपये ठगे। वहीं एक मकान की मांग भी की। हालांकि मकान देने से पहले उसका भंडाफोड़ हो गया और महिला गिरफ्तार हो गई। उसने आरोप लगाया कि आरोपित महिला ने 70 हजार रुपये लेकर भिवानी की एक लड़की की शादी महम में करवाई थी। उक्त लड़की ने पुलिस अधीक्षक को इसकी शिकायत दे दी। गिरफ्तार आरोपित महिला ने इस मामले को रफा-दफा करवाने के लिए भी एक युवक से करीब 40 हजार रुपये की मांग की। इस मामले में सुशील कुमार ने समझौता करवा दिया। इसके बाद उक्त महिला ने सुशील कुमार के साथ मेलजोल बढ़ा लिया और उनके यहां आने-जाने लगे। सुशील ने आरोप लगाया कि उक्त महिला ने देवर बीमार होने का नाम लेकर 50 हजार रुपये लिए। इसके बाद उक्त महिला ने झूठा केस भी दर्ज करवा दिया। जिसको रफा-दफा करने के लिए 5 लाख और एक मकान की मांग की। इसके लिए 5 लाख रुपये भी दे दिए, लेकिन इसके बाद मकान की मांग को लेकर आरोपित व उसका पति दलबीर उसे तंग करने लगे। इसी बीच उक्त महिला गिरफ्तार हो गई। इस पर सुशील ने इसकी शिकायत एसपी को दे दी। जिस पर उक्त महिला व उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच अधिकारी गोपाल दास मामले की जांच कर रहे हैं।
झगड़े का केस निपटाने को 70 हजार मांगे
केस-2
हालु बाजार निवासी पियूष ने बताया कि उसका पड़ोस के लोगों से पिछले साल 24 सितंबर को झगड़ा हो गया था। इसके बाद आरोपित महिला उसके घर पर आई और कहा कि वह एसएचओ है। इस मामले को रफा-दफा करवाने के नाम पर 70 हजार रुपये की मांग भी की। पियूष ने कहा कि उसने इस मामले को लेकर उक्त आरोपित महिला को 40 हजार रुपये तो दे दिए। लेकिन उसने कोई कार्रवाई नहीं करवाई। इसके बाद जब दिए गए 40 हजार रुपये वापस मांगे तो झूठे केस में फंसाने की धमकी भी देने लगी। वहीं रुपये देने की बजाय मामले को टालने लगी। इस पर जब उसे पता चला कि उक्त महिला को गिरफ्तार कर लिया है, तो उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी दी। जांच अधिकारी दशरथ ने मामला दर्ज करके कार्रवाई आरंभ कर दी है। नौकरी लगवाने के नाम पर ऐंठे 25 हजार
केस-3
ढाणा रोड निवासी बाला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उक्त आरोपित महिला व उसके पति ने बेटे को चंडीगढ़ में नौकरी लगवाने के लिए 25 हजार रुपये की मांग की। इस पर उसने उक्त महिला व उसके पति को 25 हजार रुपये दे दिए। उसका लड़का नौकरी नहीं लगा। इस पर उन्होंने पैसे भी वापस नहीं दिए। महिला ने आरोप लगाया कि उक्त आरोपित महिला ने उसे बेचने का भी प्रयास किया। लेकिन वह बड़ी मुश्किल से उक्त महिला के चंगुल से बच पाई। उसका पति भी उसका साथ देता है। उक्त महिला की गिरफ्तारी का पता लगने पर पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस को दे दी। शिकायत के आधार पर जांच अधिकारी गोपाल दास ने मामला दर्ज करके कार्रवाई आरंभ कर दी है।