भिवानी में डिवाइडर से टकराई बाइक, राजस्थान के 24 वर्षीय युवक की मौत
भिवानी में हालुवास गेट के पास एक सड़क हादसे में राजस्थान के 24 वर्षीय युवक सुमित की मौत हो गई। उसकी बाइक डिवाइडर से टकराने के बाद गंभीर चोटें आईं।
-1794248728669_m.webp)
भिवानी में डिवाइडर से टकराई बाइक। सांकेतिक फोटो
HighLights
भिवानी में बाइक डिवाइडर से टकराने पर हादसा।
राजस्थान निवासी 24 वर्षीय युवक सुमित की मौत।
सीसीटीवी फुटेज से हादसे की वजह हुई स्पष्ट।
जागरण संवाददाता, भिवानी। हालुवास गेट के पास चौधरी बंसीलाल पार्क के नजदीक सड़क हादसे में राजस्थान निवासी 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसे गंभीर चोटें आईं।
उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की पूरी घटना घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई। पुलिस ने फुटेज की जांच के बाद हादसे की स्थिति स्पष्ट की और मृतक के बड़े भाई के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।
मृतक की पहचान राजस्थान के चूरू जिले के गांव गुगलवा निवासी सुमित के रूप में हुई है। उसके पिता विनोद ने बताया कि सुमित तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। वह बचपन से ही भिवानी के गांव हालुवास में अपने मामा के पास रह रहा था। करीब दो-तीन साल की उम्र में ही वह यहां आ गया था। बड़ा होने पर उसने प्राइवेट गाड़ी चलाने का काम शुरू कर दिया था।
आधे घंटे में लौटने की कहकर निकला था
सुमित के मामा आशीष ने बताया कि दीपावली की रात परिवार ने घर पर पूजा-अर्चना की थी। इसके बाद सुमित के पास दोस्तों का फोन आया। वह उनसे मिलने के लिए घर से निकला और आधे घंटे में वापस आने की बात कहकर गया था।
काफी देर तक उसके नहीं लौटने के बाद रात को सूचना मिली कि सड़क हादसे में घायल होने पर उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजन अस्पताल पहुंचे तो डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज से स्पष्ट हुई हादसे की वजह
परिजनों को शुरुआत में सुमित की मौत के कारणों को लेकर संशय था। उसके सिर पर चोट लगी हुई थी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो सामने आया कि तेज रफ्तार बाइक सीधे डिवाइडर से टकरा गई थी। इसी टक्कर में सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी जान चली गई।
दिनोद गेट पुलिस चौकी के जांच अधिकारी एएसआई रमेश कुमार ने बताया कि जिला नागरिक अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची थी। मृतक के बड़े भाई राजेश कुमार के बयान पर इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में पुलिस जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।