हरियाणा में बिछेगा 15 KM लंबा सड़कों का जाल, हाईवे से लिंक होने वाली पांच रोड होंगी चकाचक
भिवानी में 16 करोड़ रुपये की लागत से पांच प्रमुख हाईवे लिंक सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा, जिससे लगभग 15 किलोमीटर की सड़कें दुरुस्त होंगी।
-1795601154341_m.webp)
हरियाणा में हाईवे से लिंक होंगी सड़कें। फाइल फोटो
HighLights
भिवानी की पांच प्रमुख सड़कें होंगी 16 करोड़ से दुरुस्त।
लगभग 15 किलोमीटर लंबी सड़कों का होगा कायाकल्प।
वाहन चालकों को मिलेगी राहत, यातायात होगा सुगम।
सुरेश मेहरा, भिवानी। शहर और कस्बों से हाई वे से लिंक होने वाली बदहाल सड़कों पर सफर करने की मजबूरी जल्द ही बीते दिनों की बात हो सकती है। लंबे समय से गड्ढों और टूटी सड़कों की परेशानी झेल रहे वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। शहर और आसपास के क्षेत्र की पांच प्रमुख सड़कों की सूरत बदलने के लिए 16 करोड़ रुपये की बड़ी राशि मंजूर हुई है।
इस बजट से करीब 15 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा। सड़कों के दुरुस्त होने से न केवल रोजाना आवागमन करने वाले हजारों लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि यातायात भी पहले के मुकाबले सुगम और सुरक्षित हो सकेगा।
जगह-जगह बने गड्ढों और क्षतिग्रस्त सड़क की वजह से लोगों को संभलकर वाहन चलाना पड़ता है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को इन रास्तों पर अधिक परेशानी होती है।
बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने और सर्दियों में धुंध व कोहरे के कारण इन सड़कों पर दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। अब 16 करोड़ रुपये की लागत से पांच प्रमुख सड़कों के सुधरने से इन समस्याओं से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।
प्रमुख मार्गों को मिलेगी नई पहचान
पीड्ब्ल्यूडी विभाग की योजना के तहत चौ. देवीलाल चौक से हालुवास टी प्वाइंट तक तीन किलोमीटर, जिला जेल से तिगड़ाना मोड़ तक करीब ढाई किलो मीटर के अलावा बवानीखेडा और जाटूलुहारी से हाई वे से लिंक रोड का टेंडर लगा दिया है।
ग्रेप चालू है इसलिए जनवरी में इस पर काम शुरू हो पाएगा। इन सड़कों के निर्माण कार्य पूरा होने के लिए नौ माह की अवधि निर्धारित की गई है।
यातायात व्यवस्था को होगी बेहतर
सर्दियों में धुंध और घने कोहरे के कारण पहले से खराब सड़कों पर वाहन चलाना चुनौती बन जाता है। गड्ढों से बचने के प्रयास में वाहन चालक कई बार संतुलन खो बैठते हैं। सड़कें दुरुस्त होने से ऐसी परेशानियों में कमी आने की उम्मीद है।
बेहतर सड़क सतह से वाहनों की आवाजाही आसान होगी और लोगों का समय भी बचेगा। 16 करोड़ रुपये की यह सौगात शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ आमजन के दैनिक सफर को आरामदायक बनाने में अहम साबित हो सकती है।
इन सड़कों के टेंडर का कार्य हो गया है। अब जैसे ही मौसम अनुकूल होता है इनके निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। हाई वे से लिंक होने वाली ये सड़के जल्द चकाचक नजर आएंगी।
- संदीप मित्तल, अभियंता पीड्ब्ल्यूडी विभाग।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।