आग लगने से झुलसी महिला, रेफर
जागरण संवाददाता,भिवानी : शांति नगर में बृहस्पतिवार दोपहर को एक महिला संदिग्ध परिस्थितयों में झुलस गई
जागरण संवाददाता,भिवानी : शांति नगर में बृहस्पतिवार दोपहर को एक महिला संदिग्ध परिस्थितयों में झुलस गई। परिजनों का कहना है कि महिला ने स्वयं ही मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। चिकित्सकों के अनुसार महिला 95 फीसद झुलस चुकी है। उसे उपचार के लिए चौ. बंसीलाल सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जहां से चिकित्सकों ने रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया।
शांति नगर निवासी मीनू के परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार अपराहन करीब तीन बजे मीनू ने खुद को मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। उसके पति विरेंद्र ने बताया कि मीनू पानीपत की रहने वाली हैं और साढे़ 3 साल पहले उसके साथ शादी हुई थी, उनके ढाई साल का लड़का है। उसने दावा किया कि उनकी आपस में कोई कहासुनी नहीं थी, लेकिन मानसिक परेशानी के कारण उसने स्वयं को घर के कमरे में ही आग लगा ली। उसने बताया की इसका पता चलने पर कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की गई। लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला, इस पर वह बड़ी मुश्किल से अंदर गया और उसे बचाने की कोशिश की। लेकिन जब तक उसने उसे बचाया तब तक वह झुलस चुकी थी। इसके बाद उसे सामान्य अस्पताल में लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला 95 फीसद तक झुलस चुकी है और उसकी हालत काफी गंभीर है।