दोस्त के घर में फंदे पर लटका मिला युवक, हत्या का केस दर्ज
दोस्तों के घर में फंदे पर लटका मिला युवक हत्या का केस दर्ज
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ : सेक्टर-7 में अपने दोस्त के यहां गया एक युवक संदिग्ध हालातों में फांसी के फंदे पर लटका मिला। मामला हत्या का है या आत्महत्या का, इस पर कुछ स्पष्ट नही है, लेकिन मृतक के परिजनों ने इसे हत्या करार दिया है और अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कराया है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। मूल रूप से झज्जर के कालियावास का निवासी अतुल उर्फ बिट्टू (28) सेक्टर-7 में मां और भाई के साथ रहता था। वह अविवाहित था और दिल्ली की एक कंपनी में नौकरी करता था। पुलिस अनुसार उसकी डीजे पार्टी वालों से दोस्ती थी। ये सभी सेक्टर-7 में ही किराये पर रहते हैं। बृहस्पतिवार की देर रात को वह अपने घर जाने की बजाय डीजे वालों के यहां गया हुआ था। रात को खाना खाकर सभी सो गए, लेकिन शुक्रवार की सुबह अतुल मकान के ऊपर हिस्से में फंदे पर मृत हालत में लटक रहा था। यह देख सभी दंग रह गए। बिजली के तारों को फंदा बनाया गया था। इसकी सूचना के बाद सेक्टर-6 थाना से टीम पहुंची और छानबीन शुरू की गई। बाद में फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर गहन छानबीन की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया। उधर, मौके पर पहुंचे परिजनों ने इसे हत्या करार दिया, लेकिन हत्या के पीछे किसका हाथ है और इसकी क्या वजह रही, इस पर पूरी तरह रहस्य बना हुआ है। मृतक के भाई पंकज के शक जताया है कि अतुल ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसकी हत्या करके शव को फंदे पर लटकाया गया है। इस पर पुलिस ने अंजान के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद वारिसों के हवाले कर दिया गया। ---परिजनों के ब्यान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। छानबीन की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामला स्पष्ट होगा।
--करण ¨सह, एसएचओ, सेक्टर-6 थाना