सफाई कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, निकाय मंत्री अनिल विज के आवास का आठ को करेंगे घेराव
नगर पालिका कर्मचारी संघ के बैनर तले सफाई कर्मचारियों ने सरकार की वादाखिलाफी को लेकर नगर परिषद कार्यालय पर क्रमिक भूख हड़ताल की। कर्मचारियों ने मनीषा और निकिता तोमर को इंसाफ दिलवाने के लिए गेट पर नारेबाजी भी की और प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ : नगर पालिका कर्मचारी संघ के बैनर तले सफाई कर्मचारियों ने सरकार की वादाखिलाफी को लेकर नगर परिषद कार्यालय पर क्रमिक भूख हड़ताल की। कर्मचारियों ने मनीषा और निकिता तोमर को इंसाफ दिलवाने के लिए गेट पर नारेबाजी भी की और प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ लाल चौक पर नारेबाजी की।
संघ के जिला प्रधान राजेंद्र तुषामड़ ने कहा कि अगर सरकार ने उनकी मांगें पूरी नहीं की तो नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा आठ नवंबर को निकाय मंत्री अनिल विज के आवास पर अंबाला में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंच कर घेराव करेंगे और अपनी समस्याओं का हल निकलवाएंगे। अगर सरकार फिर भी ना मानी तो 8 नवंबर को ही अंबाला में आगामी बड़े आंदोलनों की घोषणा की जाएगी। इकाई प्रधान व राज्य सदस्य राजपाल, जिला प्रधान राजेंद्र तुषामड़, फायर कोषाध्यक्ष प्रदीप खत्री, फायर कर्मचारी धर्मेंद्र, जिला महिला सदस्य मोनिका, जिला महिला प्रधान सुनीता देवी, इकाई प्रचार सचिव संजय परनाला, कर्मचारी सोनू, सूरजभान, राजकुमार, जगबीर, कर्मवीर, अमित ने समर्थन करते हुए बताया कि हरियाणा सरकार से संघ के नेतृत्व के साथ कई बार वार्ता हुई है जिसमें दो बार निकाय मंत्री अनिल विज के साथ भी बातचीत की। सफाई कर्मचारियों को 4000 हजार रुपये जोखिम भत्ता और 50 लाख रुपये कोरोना काल में मृत्यु पर कर्मचारी को देने का भरोसा दिलाया था। कर्मचारियों ने मांग की है कि कर्मचारियों का काटा गया पैसा उनके खातों में जमा करवाया जाए, ताकि कर्मचारियों को इसका लाभ मिल सके। इस मौके पर प्रदीप छिकारा, जितेंद्र पहल, नरेश देशवाल, बिजेंद्र सैनी आदि मौजूद थे।