जालंधर में हुई नेशनल स्ट्रेंथ लिफ्लिंग चैंपियनशिप में हरियाणा बना ओवरऑल चैंपियन
जालंधर में हुई नेशनल स्ट्रेंथ लिफ्टिग चैंपियनशिप में हरियाणा बना ओवरऑल चैंपियन
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़: पंजाब के जालंधर में हुई नेशनल स्ट्रेंथ लिफ्टिग और इंक्लाइंड बेंच प्रेस प्रतियोगिता में बहादुरगढ़ के 12 खिलाड़ियों ने 28 पदक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हरियाणा के खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के कारण इस प्रतियोगिता में हरियाणा को ओवरऑल चैंपियन के खिताब से नवाजा गया। विजेता खिलाड़ियों का बहादुरगढ़ पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। यह सभी खिलाड़ी बहादुरगढ़ के सेक्टर 9 स्थित जिमखाना क्लब में प्रैक्टिस करते हैं।
पंजाब के जालंधर में स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में 28 से 31 मार्च तक नेशनल स्ट्रेंथ लिफ्टिग और इंकलाइन बेंच प्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की महिला केटेगरी के 80 किलोग्राम भार वर्ग में बहादुरगढ़ की खिलाड़ी माधुरी राठी ने चार स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं पुरुषों की प्रतियोगिता में 115 प्लस वेट केटेगरी में खिलाड़ी सुनील ने दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक हासिल किया। 115 किलोग्राम भार वर्ग में मोहन सिवाच ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया। इसी कटेगरी में खिलाड़ी अमित ने एक रजत पदक हासिल किया। 105 किलोग्राम भार वर्ग में खिलाड़ी हरिओम ने दो रजत पदक, खिलाड़ी संदीप ने एक रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया। 95 किलोग्राम भार वर्ग में खिलाड़ी निक्कू ने तीन स्वर्ण पदक हासिल किए। 85 किलोग्राम भार वर्ग में खिलाड़ी श्रीओम ने एक स्वर्ण व एक रजत पदक हासिल किया। खिलाड़ी महेश ने एक रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया। 76 किलोग्राम भार वर्ग में खिलाड़ी जितेंद्र ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक पर कब्जा जमाया। 68 किलोग्राम भार वर्ग में देव सैनी ने दो रजत पदक हासिल किए। प्रतियोगिता के 60 किलोग्राम भार वर्ग में खिलाड़ी कमल में एक रजत पदक जीता। अरुण कुमार ने बताया कि स्ट्रेंथ लिफ्टिग खेलों की वर्ल्ड चैंपियनशिप सितंबर माह में वियतनाम में होगी। इसके लिए विजेता खिलाड़ियों का ट्रायल जुलाई माह में कोलकाता में किया जाएगा। इस मौके पर संदीप कड़वासरा, पूर्ण सिंह कादियान, चंचल नांदल, वीरेंद्र, दीपक, विवेक ग्रेवाल, सूरज, दीपा यादव, वंदना राठी, सीमा राठी, योगेंद्र राठी और मनोज नया गांव ने विजेताओं को बधाई दी।