मास्क न लगाने पर 124 लोगों से वसूला जुर्माना
पुलिस द्वारा मास्क न लगाने वाले वाहन चालकों राहगीरों तथा अन्य लोगों पर सख्ती की जा रही है। अब तक 124 लोगों के चालान काटे गए और उनसे जुर्माना वसूला गया। यह अभियान आगामी आदेशों तक लगातार जारी रहेगा।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ :
पुलिस द्वारा मास्क न लगाने वाले वाहन चालकों, राहगीरों तथा अन्य लोगों पर सख्ती की जा रही है। अब तक 124 लोगों के चालान काटे गए और उनसे जुर्माना वसूला गया। यह अभियान आगामी आदेशों तक लगातार जारी रहेगा।
बिना मास्क पाए जाने वाले वाहन चालकों व अन्य व्यक्तियों से जुर्माना के तौर पर 500 रुपये वसूल किए जा रहे हैं। 7 जून से यह अभियान शुरू किया गया था। आम लोगों को मास्क लगाने व अन्य नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ यह भी स्पष्ट किया गया था कि यदि कोई व्यक्ति या वाहन चालक बिना मास्क के बाहर घूमते हुए मिले तो चालान किया जाए। पुलिस महानिदेशक मनोज यादव के आदेशानुसार व डीआइजी अशोक कुमार के दिशानिर्देश पर झज्जर पुलिस द्वारा इस विशेष अभियान में कार्रवाई की जा रही है। डीएसपी राहुल देव ने बताया कि विभिन्न टीमों द्वारा जिले के अलग-अलग स्थानों पर बिना मास्क लगाए पाए जाने वालों पर कार्रवाई करते हुए अनेक व्यक्तियों के चालान काटे गए हैं। लोगों को महामारी संक्रमण से बचाव के लिए शारीरिक दूरी रखने को भी प्रेरित किया जा रहा है। अलग-अलग स्थानों पर बिना मास्क लगाए पाए जाने पर अब तक 124 व्यक्तियों के खिलाफ चालान काटने की कार्रवाई अमल में लाई गई है।