Bahadurgarh: किशोरी के गर्भवती होने के मामले में नहीं हुई गिरफ्तारी, आक्रोशित लोगों ने थाने में किया हंगामा
Bahadurgarh किशोरी के साथ दुष्कर्म किए जाने और उसके गर्भवती होने के मामले में आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित लोगों ने मंगलवार की शाम को सेक्टर-छह थाने में हंगामा किया। हालांकि मामला महिला थाना में दर्ज है मगर आक्रोशित लोग एरिया के सेक्टर-छह थाना में पहुंच गए।
बहादुरगढ़, जागरण संवाददाता: सेक्टर-छह थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक किशोरी के साथ दुष्कर्म किए जाने और उसके गर्भवती होने के मामले में आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित लोगों ने मंगलवार की शाम को सेक्टर-छह थाने में हंगामा किया। हालांकि मामला महिला थाना में दर्ज है, मगर आक्रोशित लोग एरिया के सेक्टर-छह थाना में पहुंच गए।
पीड़ित किशोरी आरोपित के घर सफाई कार्य के लिए जाती थी। तभी अधेड़ उम्र शख्स ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में जब वह गर्भवती हुई तो स्वजनों को पता लगा। इस पर पुलिस को शिकायत दी गई। पांच दिन पहले इस मामले में केस दर्ज किया गया था।
बताते हैं कि आरोपित शख्स टैंकर से पानी सप्लाई का काम करता है और सेक्टर-छह थाना क्षेत्र में ही रहता था। मूल रूप से वह रोहतक के चुलियाना का रहने वाला है। केस दर्ज होने से पहले से ही वह फरार है। मंगलवार तक इस मामले में गिरफ्तारी नहीं हुई तो पीड़िता का परिवार व अन्य लोग आक्रोशित हो उठे। पहले तो उन्होंने एक जगह पर एकत्रित होकर रोष जताया। बाद में सेक्टर थाने पहुंच गए।
वहां थाने के गेट पर हंगामा किया गया और आरोपित की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की गई। सेक्टर-छह थाना प्रभारी सुनील कुमार ने आक्रोशित लोगों को आश्वस्त किया कि इस मामले में जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। बताते हैं कि पीड़िता आठ माह की गर्भवती है।
इनका कहना है
इस मामले में जांच के लिए एसआइटी का गठन किया गया है। दो टीमों को आरोपित की गिरफ्तारी के लिए भेजा गया है। जल्द ही आरोपित सलाखों के पीछे होगा। -अरविंद दहिया, डीएसपी, बहादुरगढ़