मांगे पूरी न होने तक जारी रहेगा आंदोलन
जागरण संवाददाता, झज्जर : अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे बहुउद्धे
जागरण संवाददाता, झज्जर : अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे बहुउद्धेशीय स्वास्थ्य कर्मियों ने बृहस्पतिवार दोपहर बाद सीएम के पुतले की शव यात्रा निकाली और नारेबाजी करते हुए छिक्कारा चौक पर पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कुछ कर्मचारी सड़क के बीचों-बीच लेट भी गए और नारेबाजी करने लगे। यहां कर्मचारियों ने सीएम मनोहर लाल का पुतला भी फूंका। कर्मचारी नेताओं का कहना था कि सरकार की नीतियां कर्मचारी विरोधी है। सरकार कर्मचारियों की मांगों को जायज भी मान रही है और पूरा करने की बात भी कह रही है। फिर भी नोटिफिकेशन जारी नहीं किया जा रहा। जिसके चलते कर्मचारियों में रोष भी बना हुआ है। कर्मचारियों का कहना है कि अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, सीएमओ झज्जर को भी सौंपा जा चुका है। लेकिन फिर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि बहुउद्धेशीय स्वास्थ्य कर्मी सरकार की स्वास्थ्य से सभी जनहित योजनाओं में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करता है। चाहे टीकाकरण हो या फिर पोलियो अभियान सभी में अपनी ड्यटी निभाता है। फिर भी उनकी अनदेखी की जा रही है। जिसके चलते कर्मचारियों में रोष बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार उनकी मांगों से संबंधित नोटिफिकेशन जारी नहीं करती है तो हड़ताल जारी रहेगी।
इससे पूर्व कर्मचारी नागरिक अस्पताल परिसर में एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। उधर, प्रदर्शन के दौरान छिक्कारा चौक पर जाम की स्थिति भी बनी रही। जिसके चलते लोगों को यहां से गुजरने में काफी दिक्कत भी हुई।