झज्जर जिले में छह और संक्रमित हुए ठीक, आठ नए केस मिले
जिले में कोरोना के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। मंगलवार को जिले में आठ केस और मिले हैं। इन केसों के साथ ही जिले में पॉजिटिव का आंकड़ा 261 पर पहुंच गया है। इस बीच छह संक्रमित ठीक भी हुए हैं।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ : जिले में कोरोना के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। मंगलवार को जिले में आठ केस और मिले हैं। इन केसों के साथ ही जिले में पॉजिटिव का आंकड़ा 261 पर पहुंच गया है। इस बीच छह संक्रमित ठीक भी हुए हैं। जिले में अभी तक चार लोगों की मौत हुई है। फिलहाल एक्टिव चल रहे संक्रमितों में से लगभग 50 फीसद को घरों में ही आइसोलेट किया गया है।
मंगलवार को मिले आठ पॉजिटिव केसों में शहर के एक निजी अस्पताल की स्टाफ नर्स भी शमिल है। उसे दिल्ली में आइसोलेट किया गया है। वहीं शंकर गार्डन दो केस मिले हैं। इनमें से एक युवक प्राइवेट नौकरी करता है। वहीं अशोक नगर निवासी दिल्ली पुलिस का कर्मचारी भी संक्रमित पाया गया। इसके अलावा जटिया मोहल्ला, कबलाना गांव, नेहरू पार्क, छोटूराम नगर में एक-एक केस मिला है। झज्जर के सिविल सर्जन के अनुसार जिले में मंगलवार को आठ केस और दर्ज किए गए हैं। ऐसे में झज्जर जिले में अभी तक कुल 261 केस नोटिफाई हुए हैं। इनमें से अब तक 186 लोग ठीक हो चुके हैं। फिलहाल 71 केस एक्टिव हैं।