डेढ़ महीने से सप्लाई में आ रहा गंदा पानी, शिकायत के बाद भी नहीं हो रहा समाधान
डेढ़ महीने से सप्लाई में आ रहा गंदा पानी शिकायत के बाद भी नहीं हो रहा समाधान
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़: शहर के वार्ड 11 के अंतर्गत आने वाले धर्म विहार की गली नंबर 16 व 17 में डेढ़ महीने से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। लोग पार्षद व अधिकारियों को शिकायत करके थक चुके हैं लेकिन उनकी इस समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। शिकायत करने के बाद एक दिन अधिकारी आते हैं और जरा सी कार्रवाई करके चले जाते हैं लेकिन गंदे पानी सप्लाई बंद नहीं हो पाती है। वे बार-बार गंदे पानी की सप्लाई की शिकायत कर रहे हैं और अधिकारियों को भी इसका कोई समाधान नहीं मिल पा रहा है। लोगों ने विभाग के अधिकारियों के सामने फिर से गुहार लगाई है कि वे उनकी समस्या का स्थायी समाधान कराने का कष्ट करें।
धर्म विहार निवासी मदन, राजेंद्र सैनी, मीनू, जसबीर, रानी, रामू, रवि, उर्मिला ने बताया कि उनकी कालोनी में पेयजल की समस्या डेढ़ माह से चल रही है। यहां पर सप्लाई में गंदा पानी आ रहा है। जो पीने लायक तो छोड़ो नहाने लायक भी नही है। उन्होंने बताया कि कई बार वार्ड के पार्षद से भी शिकायत की और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी इस बारे में जानकारी दी गई लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। सप्लाई में गंदला पानी बदस्तूर जारी है। उन्होंने बताया कि गंदे पानी की वजह से लोग बीमार पड़ रहे हैं। जलजनित बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। अगर यह समस्या जारी रही तो दोनों गलियों में भारी संख्या में लोग बीमार पड़ जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी। इसीलिए जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए। ---मेरे पास आज ही लोगों की शिकायत आई थी। इस बारे में विभाग के एसडीओ से बातचीत की है। उन्होंने समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है। लोगों को गंदे पानी की समस्या का दोबारा से सामना नहीं करना पड़ेगा। जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा।
-----कुसुम शर्मा, पार्षद, वार्ड-11
---धर्म विहार में पेयजल सप्लाई की समस्या मेरे संज्ञान में है। मैंने संबंधित जेई को यह समस्या नोट करवा दी है। एक-दो दिन में इसका स्थायी समाधान करवा दिया जाएगा।
---अनिल रोहिल्ला, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग, बहादुरगढ़।