सफाई कर्मचारियों 27 को सीएम आवास की तरफ करेंगे कूच
सफाई कर्मचारियों ने दूसरे दिन भी की भूख हड़ताल, 27 को सीएम आवास की तरफ करेंगे कूच
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़:
नगर पालिका कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों की ओर से बुधवार को भी नगर परिषद के गेट पर क्रमिक भूख हड़ताल की गई। संघ की इकाई के प्रधान राजपाल, वरिष्ठ उपप्रधान अमित, उपप्रधान सरोज, इकाई सचिव प्रदीप, प्रचार सचिव संजय, कार्यकारिणी सदस्य राकेश, मनीष, फायर ब्रिगेड से नवीन डागर, प्रदीप खत्री, अनिल को संघ के जिला प्रधान राजेंद्र तूषामड़ ने फूलमाला पहना कर भूख हड़ताल पर बैठाया। उन्होंने बताया कि सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर फिर से आंदोलन की राह पर चल पड़े हैं। 27 फरवरी को नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के सभी पदाधिकारी पंचकुला में मुख्यमंत्री के आवास पर कूच करेंगे।
सर्व कर्मचारी संघ के ब्लॉक प्रधान बिजेंद्र सैनी न इस मौके पर बताया कि सरकार कर्मचारियों के साथ वादा खिलाफी कर रही है। जब भी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर प्रदेश में प्रदर्शन करते हैं तो सरकार कर्मचारियों से टेबल पर बातचीत करती है और सभी मांगों को मान लेती है परंतु पत्र जारी नही किए जाते हैं। पत्रों को जारी करवाने के लिए भी दोबारा से आदोलन करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारी पुरानीं पेंशन बहाल करवाने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करवाने के लिए संसद कूच करेंगे और पूरे देश के कर्मचारी इसमें भाग लेंगे। राजपाल प्रधान ने बताया कि बृहस्पतिवार से बहादुरगढ़ के सभी कच्चे व पक्के कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। अगर ठेकेदार द्वारा 94 हटाए गए सफाई कर्मचारियों को डयूटी पर नहीं लिया तो सभी कर्मचारी काम बंद करके धरने पर कार्यालय के गेट पर बैठ जाएंगे।