प्रत्येक भारतीय के डीएनए में है वीरता : विजय कुमार
- विजयदशमी के पर्व एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस पर प्रांत प्रचारक विजय कुमार ने किया स्वयंसेवकों को संबोधित
बहादुरगढ़, (विज्ञप्ति): शहर के देवी लाल पार्क में विजयदशमी उत्सव एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना दिवस के अवसर पर बहादुरगढ़ शहर के उपनगर विवेकानंद नगर एवं शिवाजी नगर में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। हरियाणा के प्रांत प्रचारक विजय कुमार ने एवं जिला प्रचारक चरणजीत ने कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। प्रांत प्रचारक विजय कुमार ने असत्य पर सत्य, अन्याय एवं अधर्म पर धर्म के प्रतीक के रूप में विजयदशमी पर्व की महत्वता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतवर्ष एक ऐसा देश है जिसने प्रत्येक युग में अन्याय के विरुद्ध लड़ाई लड़ी है। प्रत्येक अवसर पर विजय प्राप्त की है और ऐसा प्रत्येक भारतीय के व्यवहारिक गुण के कारण संभव हुआ है और वह गुण है वीरता जो प्रत्येक भारतीय के डीएनए में विद्यमान है। उन्होंने चीन की दीवार का उदाहरण देते हुए कहा कि साम्राज्यवादी विचार के कारण से चीन आज दूसरे देशों की सीमाओं का अतिक्रमण करने के प्रयास में वह कई बार मुंह की खा चुका है। उस चीन ने आक्रमणकारियों के डर से बहुत बड़ी दीवार बनाई। इसे आज दुनिया के सात अजूबों में गिना जाता है, जबकि वह उसके कायरतापन की निशानी है। उन्होंने कहा कि आज यदि चीन आर्थिक स्तर पर मजबूत हुआ है तो वह अपने सस्ते सामान के कारण हुआ है। इसलिए हम सभी को आज से संकल्प लेना चाहिए कि हम चीनी सामान का बहिष्कार करेंगे ताकि वह ताकत का दुरुपयोग ना कर सके। उन्होंने आग्रह किया कि प्रत्येक भारतवासी को स्वच्छता, पर्यावरण, कुटुंब प्रबंधन, गोसेवा, समरसता के विषय पर काम करते हुए संबल एवं सुदृढ़ समाज के निर्माण में भागीदार बनना चाहिए।