विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

5 में से 3 रेडियोग्राफर के ट्रांसफर से बहादुरगढ़ सिविल अस्पताल में बढ़ी मुश्किल, अब नर्सिंग ऑफिसरों ने भी दी हड़ताल की चेतावनी

Published: Sat, 14 Nov 2026 03:02 PM (IST)

बहादुरगढ़ सिविल अस्पताल में ऑनलाइन ट्रांसफर प्रक्रिया से स्टाफ की कमी हो गई है, खासकर एक्सरे विभाग में तीन रेडियोग्राफरों के तबादले से सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

बहादुरगढ़ सिविल अस्पताल।

बहादुरगढ़ सिविल अस्पताल।

HighLights

  1. तीन रेडियोग्राफरों के तबादले से एक्सरे सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

  2. अस्पताल में स्टाफ की कमी से मरीजों को परेशानी हो रही है।

  3. नर्सिंग ऑफिसर ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के खिलाफ हड़ताल करेंगे।

जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। ऑनलाइन ट्रांसफर प्रक्रिया को लेकर शहर के सिविल अस्पताल में खलबली मची हुई है। पांच साल की सेवाअवधि पूरी कर चुके अधिकारियों और कर्मचारियों को तबादले के दायरे में लाया जा रहा है। अस्पताल में इसकी शुरुआत एक्सरे विभाग से हो चुकी है।

यहां तैनात पांच रेडियोग्राफर में से तीन का तबादला कर दिया गया है। इनके स्थान पर अभी तक स्थायी तौर पर किसी रेडियोग्राफर की नियुक्ति नहीं हुई है। ऐसे में अस्पताल में एक्सरे सेवाएं प्रभावित होने लगी हैं। अब डॉक्टरों, फार्मेसी और नर्सिंग विभाग में भी आनलाइन ट्रांसफर प्रक्रिया के तहत तबादले होने हैं। इससे कर्मचारियों की चिंता बढ़ी हुई है।

सिविल अस्पताल के एक्सरे विभाग में पहले पांच रेडियोग्राफर सेवाएं दे रहे थे। इनमें से तीन के तबादले होने के बाद अब केवल दो रेडियोग्राफर ही रह गए हैं। मरीजों की संख्या और एक्सरे सेवाओं की जरूरत को देखते हुए यह व्यवस्था चुनौतीपूर्ण हो गई है।

ओपीडी में भी उपलब्ध है एक्सरे की सुविधा

अस्पताल में ट्रामा सेंटर के अलावा ओपीडी में भी एक्सरे की सुविधा उपलब्ध है। ट्रामा सेंटर में सुबह और शाम की शिफ्ट में एक्सरे किए जाते हैं, जबकि रात के समय ऑनकाल सेवाएं दी जाती हैं। ऐसे में सीमित स्टाफ के सहारे दोनों जगह व्यवस्था संभालना मुश्किल हो रहा है।

हालांकि, अस्पताल प्रबंधन की ओर से रेडियोग्राफर की कमी को पूरा करने के लिए सीएमओ को डिमांड भेजी गई है। इसके बाद दूसरे अस्पताल से एक रेडियोग्राफर की सप्ताह में तीन दिन के लिए बहादुरगढ़ में ड्यूटी लगाई गई है।

मगर सप्ताह में केवल तीन दिन अतिरिक्त कर्मचारी मिलने से नियमित सेवाओं की जरूरत पूरी होना मुश्किल है। अस्पताल में रोजाना आने वाले मरीजों को एक्सरे करवाने के लिए इंतजार भी करना पड़ सकता है।

नर्सिंग ऑफिसर भी हड़ताल की तैयारी में

उधर, मॉडल ट्रांसफर पालिसी को लेकर नर्सिंग ऑफिसरों में भी नाराजगी है। इससे पहले महिला नर्सिंग आफिसर इस पालिसी के विरोध में सांकेतिक हड़ताल कर चुके हैं। अब उन्होंने एक बार फिर हड़ताल की तैयारी शुरू कर दी है। इस संबंध में नर्सिंग आफिसर शनिवार को बैठक करेंगे। बैठक में आगामी रणनीति तय की जाएगी। यदि हड़ताल का फैसला लिया जाता है तो इसका असर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ सकता है।

डिमांड भेजी गई है: डॉ. देशवाल

सिविल अस्पताल के कार्यवाहक पीएमओ डा. विनय देशवाल ने बताया कि तीन रेडियोग्राफर के तबादले होने के बाद सीएमओ कार्यालय को स्टाफ की डिमांड भेजी गई है। फिलहाल दूसरे अस्पताल से एक रेडियोग्राफर की सप्ताह में तीन दिन के लिए ड्यूटी लगाई गई है, ताकि एक्सरे सेवाएं जारी रखी जा सकें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।