विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बहादुरगढ़ में ट्रैफिक चेकिंग के दौरान ASI राकेश कुमार की दर्दनाक मौत, बिना हेलमेट बाइक सवारों ने मारी सीधी टक्कर

Published: Thu, 12 Nov 2026 02:41 PM (IST)

बहादुरगढ़ में ट्रैफिक चेकिंग के दौरान एएसआई राकेश कुमार को बाइक सवारों ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक एएसआई की फाइल फोटो।

मृतक एएसआई की फाइल फोटो।

HighLights

  1. एएसआई राकेश कुमार की ट्रैफिक चेकिंग के दौरान मौत।

  2. बाइक सवार दो युवकों ने सीधी टक्कर मारी।

  3. एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी।

जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ में रोहतक-दिल्ली रोड पर ओमैक्स सिटी के सामने बुधवार दोपहर ट्रैफिक चेकिंग कर रहे एएसआई राकेश कुमार को बिना हेलमेट बाइक सवार दो युवकों ने सीधी टक्कर मार दी। इससे उनके सिर में चोट लगी और अस्पताल में उन्हाेंने दम तोड़ दिया।

बाइक सवार युवकों में से एक को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दूसरा भाग निकला। घटना को लेकर केस दर्ज कर लिया है। दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद उनका अंतिम संस्कार हुआ। मृतक राकेश सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र के पिपली के निवासी थी और दो बेटी व एक बेटे के पिता थे।

रोहतक की तरफ जा रही थी पल्सर बाइक

एएसआई राकेश कुमार और ईएएसआई रमेश कुमार यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए ओमैक्स सिटी के सामने तैनात थे। करीब 11:40 बजे पल्सर बाइक रोहतक की तरफ जा रही थी। आरोप है कि बाइक सवार तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। सड़क किनारे खड़े राकेश कुमार को उसने सीधी टक्कर मार दी। इससे उनको सिर में गंभीर चोट लगी।

साथी पुलिसकर्मी रमेश कुमार ने राहगीरों की मदद से उन्हें नागरिक अस्पताल पहुंचाया। बाद में ब्रह्मशक्ति अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना मिलने पर डीसीपी शुभम सिंह और एसीपी प्रदीप खत्री भी अस्पताल पहुंचे।

डीसीपी ने बताया कि बाइक पर दो युवक सवार थे। इनमें से एक को मौके पर पकड़ लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। मृतक एएसआई राकेश कुमार वर्ष 2004 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गौरतलब है कि इससे पहले टोल के पास इसी तरह सड़क हादसे में पुलिसकर्मी सतपाल कार की टक्कर से घायल हो गए थे।

घायल एसआई का दर्द छलका, लिखा कार्रवाई नहीं हुई

इस घटना के बाद घायल एसआई सतपाल जून का दर्द छलक पड़ा। एक वाटसएप ग्रुप में सतपाल की ओर से लिखा गया कि मेरा एक्सीडेंट 17 अक्टूबर को हुआ। जांच अधिकारी को आरोपित की कार का नंबर भी दिया, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

घायल एसआई ने लिखा है कि उनके कूल्हे में फ्रेक्चर हुआ। उनका आरोप है कि कार्रवाई की बजाय गोलमाल कर दिया। अगर एक सब इंस्पेक्टर के साथ ऐसा हुआ तो आम लोगों की कौन सुनेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।