बाढ़ पीड़ितों के लिए स्वयं सेविकाओं ने जुटाए 21 हजार
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ : वैश्य आर्य कन्या महाविद्यालय की एनएसएस स्वयं सेविकाएं भी केरल बाढ
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ :
वैश्य आर्य कन्या महाविद्यालय की एनएसएस स्वयं सेविकाएं भी केरल बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आई है। उन्होंने एनएसएस कोऑर्डिनेटर डा. मंजीत के निर्देशन में प्रभावित लोगों की सहायता के लिए 21 हजार की राशि का संग्रह किया।
राशि का ड्राफ्ट बनवाकर प्रधानमंत्री राहत कोष के लिए महाविद्यालय की प्राचार्य डा. राजवंती शर्मा को सौंपा। प्राचार्य ने भी स्वयंसेविकाओं के इस कार्य को सराहनीय बताया और उनकी प्रशसा भी की। उन्होंने प्राकृतिक आपदा से घिरे लोगों की हर संभव मदद करने का आह्वान किया। प्राचार्य डा. राजवंती शर्मा ने बताया कि केरल बाढ़ की त्रासदी ने सारे देश को झकझोर कर रख दिया। इस संकट की घड़ी में आज पूरे देश से केरल बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए हाथ उठ रहे हैं। महाविद्यालय की एनएसएस इकाई द्वारा स्वेच्छा से केरल बाढ़ पीड़ितों की सहायतार्थ धन संग्रह करना काबिले तारीफ है। यह उनकी संवेदनशीलता और सेवाभाव का भी प्रमाण है। उन्होंने बताया कि इनके द्वारा सौंपी गयी धन राशि प्रधानमंत्री राहत कोष में बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से जमा करवा दी गई है। इस अवसर पर एनएसएस कोऑर्डिनेटर डा. मनजीत, स्वयंसेविकाएं निधि, कोमल, तनुजा, शीतल शिवानी व अन्य मौजूद रहे।