बारिश में टापू सा दिखने लगा औद्योगिक क्षेत्र
छावनी के इंडस्ट्री एरिया की 125 से अधिक फैक्ट्रियां बरसात के पानी से घिर गई। शनिवार सुबह अचानक हुई बरसात से पूरा इंडस्ट्री एरिया पानी से घिर गया और कंपनी से लेकर फैक्ट्री टापू में तब्दील हो गया।
जागरण संवाददाता, अंबाला : छावनी के इंडस्ट्री एरिया की 125 से अधिक फैक्ट्रियां बरसात के पानी से घिर गई। शनिवार सुबह अचानक हुई बारिश से इंडस्ट्री एरिया जलमग्न हो गया। फैक्ट्री टापू में तब्दील हो गया। औद्योगिक क्षेत्र में पानी भरने से अधिकतर फैक्ट्री और कंपनी में कर्मचारी शनिवार को काम पर नहीं पहुंच सके। जबकि आम दिनों में यहां लगभग 2500 कर्मचारी रोजाना शिफ्ट के मुताबिक काम पर आते हैं।
तीन साल पहले तक छावनी के इंडस्ट्री एरिया में बरसात में जल निकासी की व्यवस्था थी। औद्योगिक क्षेत्र के पास विकासपुरी में कालोनी विकसित होने से यहां का पानी खेतों में जाना रुक गया। इससे भी जलभराव होने लगा है।
------------
तीन साल से बंद हुआ जलनिकासी का रास्ता
इस्टीलेज प्राइवेट लि. के रवि जाम्ब कहते हैं कि इंडस्ट्रीयल एरिया में फैक्ट्री और कंपनी के मालिक सरकार को सबसे अधिक टैक्स देते हैं। फिर भी सुविधा के नाम पर केवल कोरा आश्वासन मिलता है। तीन साल पहले तक जलनिकासी का रास्ता था। सरकार और प्रशासन से मांग है कि यहां पर जलनिकासी और सड़क की व्यवस्था उपलब्ध कराए।
------------
बरसात में ठप हो जाता है कामकाज
दो साल से तो इंडस्ट्रियल एरिया की सड़कें बरसात के मौसम में पानी से भरी रहती हैं। इससे कंपनी से लेकर मैन्युफैचर्र तक को आर्थिक हानि उठानी पड़ती है। पहले तो कुछ पानी सड़क पार करके खेतों में चला जाता था, लेकिन जब से पास में कॉलोनी विकसित हुई है और अंबाला-साहा हाईवे का निर्माण कार्य शुरू हुआ है, समस्या और बढ़ गई है।
उज्जवल बहल, क्वालिटी साइंटफिक।