विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खानपुर रियासत की पांचवीं पीढ़ी पहुंची अंबाला शहीद स्मारक, पूर्वजों के संघर्ष को किया याद; अंग्रेजी हुकूमत को दी थी चुनौती

Published: Wed, 18 Nov 2026 06:03 AM (IST)

बुलंदशहर की ऐतिहासिक खानपुर रियासत की पांचवीं पीढ़ी अंबाला छावनी स्थित शहीद स्मारक पहुंची। उन्होंने 1857 की क्रांति के शहीदों ...और पढ़ें

खानपुर रियासत की पांचवीं पीढ़ी पहुंची अंबाला शहीद स्मारक। फोटो जागरण

खानपुर रियासत की पांचवीं पीढ़ी पहुंची अंबाला शहीद स्मारक। फोटो जागरण

HighLights

  1. खानपुर रियासत की पांचवीं पीढ़ी अंबाला शहीद स्मारक पहुंची।

  2. पूर्वजों ने 1857 क्रांति में अंग्रेजों से लोहा लिया।

  3. खानजादी बेगम ने कानूनी लड़ाई से संपत्ति वापस पाई।

दीपक बहल, अंबाला। 1857 की क्रांति में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उठी तलवारों की गूंज केवल रणभूमि तक सीमित नहीं रही। कुछ परिवारों ने पीढ़ियों तक इस संघर्ष की विरासत को जीवित रखा। किसी ने मैदान में अंग्रेजी सेना से लोहा लिया तो किसी ने उसी ब्रिटिश साम्राज्य को उसकी अदालत में चुनौती देकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ी। ऐसी ही संघर्ष और स्वाभिमान की गाथा जुड़ी है उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की ऐतिहासिक खानपुर रियासत से।

इस रियासत के पूर्वजों ने 1857 की क्रांति में अंग्रेजों के खिलाफ मोर्चा संभाला था, जबकि अगली पीढ़ी में परिवार की एक महिला ने जब्त की गई संपत्ति वापस पाने के लिए ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी। मंगलवार को खानपुर रियासत की पांचवीं पीढ़ी अंबाला छावनी स्थित शहीद स्मारक पहुंची।

रियासत के वंशज जुनैद आर. खान अपने बेटे शाहनवाज खान के साथ स्मारक देखने पहुंचे। यहां उन्होंने 1857 की क्रांति के शहीदों को नमन किया और अपने पूर्वजों के संघर्ष को याद किया। स्मारक में प्रदर्शित क्रांति के इतिहास और बलिदान की गाथाओं को देखकर उन्होंने हरियाणा सरकार की इस पहल की सराहना की। 

अंग्रेजी सेना का किया था मुकाबला

खानपुर रियासत का 1857 की क्रांति से गहरा नाता रहा है। बुलंदशहर की बारह बस्ती क्षेत्र की इस रियासत के जमींदार अजीम खान और उनके परिवार ने मालागढ़ के नवाब वलीदाद खान के साथ मिलकर अंग्रेजी सेना का मुकाबला किया था। अजीम खान के बेटे हाजी मुनीर खान ने क्रांतिकारियों के साथ मिलकर कई मोर्चों पर अंग्रेजों से लोहा लिया।

विद्रोह को कुचलने के बाद अंग्रेजों ने परिवार को इसकी भारी कीमत चुकाने पर मजबूर किया। परिवार के सदस्यों को फांसी दी गई थी, संपत्तियां जब्त की गईं और उन्हें खानपुर के किले से बेदखल कर दिया गया। लेकिन अंग्रेजों के इस फैसले के सामने परिवार ने हार नहीं मानी।

कानूनी लड़ाई शुरू

इस बार संघर्ष की कमान परिवार की महिला खानजादी बेगम ने संभाली। वह जुनैद आर. खान और शाहनवाज खान की परदादी थीं। उन्होंने अंग्रेजों द्वारा रियासत की संपत्ति जब्त किए जाने के खिलाफ कानूनी लड़ाई शुरू की।

वर्ष 1866 में अदालत से जीत मिलने के बाद भी संघर्ष जारी रहा और मामला इंग्लैंड की प्रिवी काउंसिल तक पहुंचा। वहां भी खानजादी बेगम ने ब्रिटिश हुकूमत के फैसले को चुनौती दी और परिवार को कानूनी जीत मिली। इसके परिणामस्वरूप रियासत के पांच गांव वापस हासिल हुए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।