विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 08, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'खिलाड़ी 2' देख छात्र ने दोस्तों संग मिल बच्‍ची को किया अगवा, पुलिस देखी तो मार डाला

By Sunil Kumar JhaEdited By:
Published: Fri, 08 Dec 2017 02:30 PM (IST)Updated: Fri, 08 Dec 2017 08:54 PM (IST)

अंबाला के बोह गांव में पांच साल की बच्‍ची का अपहरण करने के बाद हत्‍या करने वाले किशोर ने यह ...और पढ़ें

'खिलाड़ी 2' देख छात्र ने दोस्तों संग मिल बच्‍ची को किया अगवा, पुलिस देखी तो मार डाला
'खिलाड़ी 2' देख छात्र ने दोस्तों संग मिल बच्‍ची को किया अगवा, पुलिस देखी तो मार डाला

अंबाला, [हरीश कोचर]। जिले के बोह गांव में पांच वर्षीय बच्ची वैष्णवी की हत्या की घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। आरोपी ने चार दिन पहले चार अन्य छात्रों के साथ मिलकर बच्ची के अपहरण की साजिश रची थी। जिस कमरे में बच्ची की हत्या की गई वहां एक टेबल पर किताबों में हत्यारोपी के चार साथियों के छुट्टी के अलग-अलग आवेदन मिले हैं। सभी ने एक ही कारण बताकर बृहस्पतिवार को स्कूल प्रिंसिपल से छुट्टी मांगी हुई है। आरोपी किशाेर खिलाड़ी-2 देखकर अपहरण की साजिश रची थी।

फिल्‍म 'खिलाड़ी 2' देखकर रची थी पांच साल की बच्‍ची के अपहरण की साजिश, पुलिस को देख मार डाला

पुलिस ने उत्‍तर प्रदेश अंबेडकर नगर के गांव अख्तरपुर नगर के एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। चार साजिशकर्ता फरार हैं। छात्रों ने अलग-अलग फिल्में देखकर रातोंरात अमीर बनने के लिए यह साजिश रची थी।

इस तरह हुआ पर्दाफाश

बता दें कि बुधवार को पांच साल की वैष्णवी का घर के नौकर के साले ने अपहरण कर लिया था। उसने फोन पर परिजनों से 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। परिजनों ने पुलिस में शिकायत की तो वह जांच के लिए पहुंची। पुलिस को मौके पर देख अपहर्ता किशाेर डर गया और उसने बच्ची की हत्या कर दी। घटना का खुलासा होते ही देर रात करीब 12 बजे सीआइए-2 टीम बिना किसी को बताए हत्यारोपी को अपने साथ ले गई। टीम घटना वाले कमरे से हत्यारोपी का लैपटॉप, पानी का टब व अन्य सामान भी साथ ले गई थी। देर रात करीब तीन बजे बच्ची के चाचा विनीश सूद व अन्य ने कमरे को खोलकर अपने स्तर पर भी छानबीन की।

यह भी पढ़ें: नम‍कहराम हत्‍यारा: निवाला देनेवाली की ही उजाड़ी गोद, बच्‍ची की हत्‍या कर उसी के घर खाई रोटी

छावनी के एसडी स्कूल में पढ़ने वाले नाबालिग हत्यारोपी ने पहले तो बच्ची का अपहरण कर उसके परिजनों से फोन पर 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी। बाद में पकड़े जाने के डर से बच्ची के मुंह पर कपड़ा बांधकर उसकी सांसें हमेशा के लिए बंद कर दी।

इसके बाद उसने उसे प्लास्टिक टब में रखे में डुबो दिया और शव को कमरे में रखे कूलर में छिपा दिया। अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में चार डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया तो प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बच्ची की मौत दम घुटने के कारण हुई है। बाद में उसे पानी में डुबोया गया। देर शाम पुलिस ने हत्यारोपी को जुवेनाइल बोर्ड के सामने पेश कर रिमांड मांगा, लेकिन ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने हत्यारोपी को बाल सुधार गृह भेजने का आदेश दिया।

आंखें खुली देखकर बेटी को बुलाती रही मां

पोस्टमार्टम के बाद बच्ची के शव को बोह स्थित उसके घर में ले जाया गया। महज पांच मिनट घर में शव रखने के बाद उसे बाहर गली में अर्थी पर लेटाया गया, जहां रिश्तेदारों और अन्य लोगों की भीड़ लगी थी। सबसे बुरा हाल बच्ची की मां मीनाक्षी का था। सफेद कपड़े में लिपटी लाडली वैष्णवी की खुली आंखें देख उसकी मां बार-बार बोल रही थी कि बेटा उठ जा, तूने किसी का क्या बिगाड़ा था।

रातोंरात अमीर बनने के चाह में दिया वारदात को अंजाम

बच्ची का शव मिलने की सूचना पाते ही एसपी अभिषेक जोरवाल खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने नाबालिग हत्यारे से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने उत्तरप्रदेश स्थित अपने घर पर खिलाड़ी नंबर-2 फिल्म देखी। इसी फिल्म को देखने के बाद उसके गांव में कई लोग अमीर हुए और इसी कारण वह भी रातोंरात अमीर बनना चाहता था। उसने बच्ची को किडनैप करके 20 लाख रुपये फिरौती मांगी ताकि वह भी अमीर बन सके।

1 जुलाई 2017 में करवाया गया था स्कूल में दाखिला

नाबालिग हत्यारोपी का जुलाई 2017 में छावनी के एसडी स्कूल में दाखिला करवाया गया था। स्कूल में उसके घर का पता उत्तर प्रदेश का न लिखकर बोह स्थित किराये का मकान का ही लिखा हुआ है। बुधवार को वह स्कूल में नहीं गया था और बृहस्पतिवार के दिन उसने अपने अन्य चार साथियों के साथ छुट्टी लेने के लिए प्रिंसिपल के नाम एप्लीकेशन लिखी हुई थी।

बच्ची के मां से बनवाकर दो बार खाना खाया

जांच में पता चला है कि हत्यारोपी ने वारदात से पहले करीब पांच बजे वैष्णवी की मां द्वारा बनाया खाना खाया। इसके बाद रात को वैष्णवी की हत्या के बाद भी वह उनके घर रात खाना खाने के लिए पहुंच गया। उस पर किसी का शक न जाए इसलिए वह खुद बार-बार बच्ची के घर चक्कर काटता रहा। 

बृहस्पतिवार को छावनी के नागरिक अस्पताल में चार डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया तो प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बच्ची की मौत दम घुटने के कारण हुई है। बाद में उसे पानी में डुबोया गया। देर शाम पुलिस ने हत्यारोपी को जुवेनाइल बोर्ड के सामने पेश कर रिमांड मांगा, लेकिन ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने हत्यारोपी को बाल सुधार गृह भेजने का आदेश दिया।

इस तरह शक के दायरे में आ रहे चारों छात्र : जिन चार छात्रों की एप्लीकेशन घटना वाले कमरे में मिली है, वे अंबाला छावनी के हिल रोड स्थित एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मुख्य अध्यापक के नाम लिखी गई है। अलग-अलग एप्लीकेशन में चारों छात्रों ने लिखा है, मुझे घर पर एक जरूरी काम है, जिसकी वजह से मैं स्कूल में उपस्थित नहीं हो सकता हूं। कृपया मुझे एक दिन का अवकाश प्रदान करें, आपकी अति कृपा होगी।'

बृहस्पतिवार को ही ली जानी थी फिरौती की राशि : मामले में खास बात यह है कि किडनैपर ने बुधवार को फोन करके बच्ची को छोड़ने के एवज में 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। किडनैपर ने फोन पर बच्ची की चाची को बृहस्पतिवार को ही रुपये लेकर आने के लिए समय और जगह बताने की बात कही थी। ऐसे में जिन चार स्कूली छात्रों की एप्लीकेशन घटना वाले कमरे में मिली है उन्होंने भी बृहस्पतिवार को ही छुट्टी मांगी हुई थी। बृहस्पतिवार को चारों छात्रों स्कूल में भी नहीं पहुंचे।

-------

'' मौके पर काफी सुबूत मिले हैं जिन्हें कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। कमरे में मिली एप्लीकेशन को भी वेरीफाई किया जा रहा है।

                                                                                                                - सुरेश कौशिक , डीएसपी।