निगम में सीलिग की कार्रवाई से पहले टैक्स जमा करने को लगी लाइन
नगर निगम में सोमवार को हाउस टैक्स जमा करने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। 31 जनवरी के बाद बकाएदारों की ब्याज की छूट खत्म हो जाएगी।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : नगर निगम में सोमवार को हाउस टैक्स जमा करने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। 31 जनवरी के बाद बकाएदारों की ब्याज की छूट खत्म हो जाएगी। इसके साथ ही निगम संपत्ति सील करने की कार्रवाई शुरू करेगा। वहीं संपत्ति सील के लिए निगम ने पूरी तैयारी कर ली है। सीलिग की कार्रवाई से पहले लोग टैक्स जमा करने पहुंच रहे हैं।
शहर में निगम की करीब एक लाख 56 हजार संपत्ति पर हाउस टैक्स लगा है। निगम हर साल संपत्ति से हाउस टैक्स वसूली करता है। इस पैसे से विकास कार्य कराए जाते हैं। निगम को हाउस टैक्स का 24 करोड़ रुपये हाउस टैक्स का लक्ष्य मिला है। निगम को मार्च तक हाउस टैक्स वसूली का लक्ष्य पूरा करना है। इसके विपरीत अभी तक करीब सात करोड़ रुपये की वसूली हो सकी है जबकि मुख्यालय के सख्त निर्देश है कि शत प्रतिशत हाउस टैक्स की वसूली की जाए।
वहीं 31 जनवरी एक मुश्त हाउस टैक्स जमा करने पर ब्याज पूर्ण रूप से माफ करने का निर्णय लिया है। ऐसे में अंतिम तीन दिन शेष बचे हैं। इस वजह से सोमवार में हाउस टैक्स में लोगों की भीड़ लगी रही। यहां पर लोग अपने पुराने हाउस टैक्स की फाइलों का पता करा रहे थे। साथ ही कुछ लोग मौके पर टैक्स भी जमा करा रहे थे, ताकि संपत्ति सील होने की कार्रवाई से बच जाए। वहीं निगम ने हाउस टैक्स के बड़े बकाएदारों के घरों पर नोटिस चस्पा दिया है। अब निगम हाउस टैक्स के बकाएदारों की संपत्ति सील करने की कार्रवाई करेगा। इसके लिए सोमवार को पुलिस बल के लिए पत्र भी लिखा गया है। नगर निगम की माने तो मंगलवार को पुलिस मिलते ही संपत्ति सील करने की कार्रवाई की जाएगी। हाउस टैक्स के बड़े बकाएदारों के घरों पर संपत्ति सील के नोटिस चस्पा दिए गए है। अब निगम जल्द ही सीलिग की कार्रवाई करेगा।
- पार्थ गुप्ता, आयुक्त, नगर निगम