हाइवे चौड़ीकरण के लिए खोदे गड्ढे में गिरी पंजाब रोडवेज की बस, 15 सवारियां घायल
अंबाला-जगाधरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़े खुड्डे गांव के पास पंजाब रोडवेज की बस सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे में जा गिरी जिस कारण 15 सवारियां घायल हो गईं। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
जागरण संवाददाता, अंबाला : अंबाला-जगाधरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़े खुड्डे गांव के पास पंजाब रोडवेज की बस सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे में जा गिरी जिस कारण 15 सवारियां घायल हो गईं। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। अंबाला छावनी बस स्टैंड से साहा तक सड़क का चौड़ीकरण हो रहा है जिस कारण सोमवार सुबह छह बजे यह हादसा हुआ। जब बस चालक को डायवर्जन दिखाई नहीं दिया और बस के साथ सीधे गहरे गड्ढे में जा गिरा। मौके पर लोगों की चीख पुकार सुनते ही लोग रुके और किसी तरह से घायलों को एंबुलेंस के सहारे उपचार के लिए अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में लाया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बाद में बस को क्रेन के जरिये निकाला गया। इस तरह से हुआ हादसा
यमुनानगर से पंजाब रोडवेज की बस जालंधर के लिए चली थी। सुबह करीब छह बजे वह अंबाला-जगाधरी हाईवे पर बड़ा खुड्डा के नजदीक पहुंची। अंबाला-साहा हाईवे को चौड़ा करने का काम किया जा रहा है, जबकि बड़ा खुड्डा के सरकारी स्कूल के पास ही रोड के एक ओर गड्ढा खोदा गया है। यहां पर डायवर्जन दिया गया है।
कंडक्टर गुरजीत सिंह की मानें, तो हाईवे पर डायवर्जन नहीं था, जबकि यहां से सड़क के साइड से रास्ता निकाला गया है। सुबह धुंध काफी अधिक थी, जबकि चालक को लगा रास्ता आगे हैं और इसी कारण से यह बस सीधे गहरे गड्ढे में जा उतरी। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई, जबकि मौके से गुजर रहे अन्य लोग भी रुक गए। घायलों को बस से निकाला गया, जबकि उनको अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल लाया गया। बताया जाता है कि बस में करीब 50 सवारियां थीं। यह लोग हुए घायल
हादसे में करीब 15 सवारियां जख्मी हुई हैं। घायलों में जावेद निवासी जगाधरी, परमजीत कौर जगाधरी, हरमिदर अलीपुर यमुनानगर, रामधारी यमुनानगर, उषा रानी साहा, दविदर लहरपुर सढौरा, मोहन लाल गढ़ी बंजारा जगाधरी, दिनेश कुमार यमुनानगर, विकास त्यागी यमुनानगर सहित राहुल, गुलशन, वीना, पवन समेत गुरजीत (परिचालक), चालक अवतार सिंह लुधियाना शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद इनको अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।