नगर निगम में 15 घंटे प्रॉपर्टी टैक्स हुआ जमा, आज से सीलिंग की कार्रवाई
नगर निगम में शनिवार को अंतिम दिन प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने के लिए लोगों की लाइन लगी रही। यहां पर देर रात 12 बजे तक प्रॉपर्टी टैक्स जमा किया गया।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर: नगर निगम में शनिवार को अंतिम दिन प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने के लिए लोगों की लाइन लगी रही। यहां पर देर रात 12 बजे तक प्रॉपर्टी टैक्स जमा किया गया। वहीं निगम एक नवंबर से डिफाल्टरों की संपत्ति सीलिंग की कार्रवाई शुरू करेगा। इसके लिए नगर निगम ने डिफॉल्टरों की सूची बनाने का काम भी शुरू कर दिया है।
मालूम हो कि शहर में निगम के बकाएदारों पर करीब 20 करोड़ रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। मुख्यालय ने प्रॉपटी टैक्स के बकाएदारों को 31अक्तूबर तक टैक्स जमा कराने में 25 फीसद की छूट दी है। वहीं वर्ष 2010-11 से 2016-17 के प्रॉपर्टी टैक्स के बकाएदारों को 25 फीसद छूट और चालू वित्तीय वर्ष में प्रॉपर्टी टैक्स में 10 फीसद की छूट दी गई। कोरोना काल में काफी लोगों ने प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं किया। शनिवार को अंतिम दिन सुबह 9 बजे से रात 12 बजे तक प्रॉपर्टी टैक्स जमा किया। इसके लिए कर्मियों की ड्यूटी लगी थी। अंतिम दिन के बाद प्रॉपर्टी टैक्स में बकाएदारों को 25 फीसद की छूट नहीं मिलेगी।
नगर निगम में करीब 250 से 300 डिफाल्टर हैं। इन लोगों ने लंबे समय से प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं किया है। जबकि निगम प्रॉपर्टी टैक्स के लिए नोटिस भी जारी कर चुका है। वहीं मुख्यालय से सख्त आदेश है कि प्रॉपर्टी टैक्स की शत-प्रतिशत वसूली की जाएगी। नगर निगम की मानें तो देर शाम तक करीब 70 लोगों ने प्रॉपर्टी टैक्स जमा किया।
-----------------------------------
शनिवार को प्रॉपर्टी टैक्स में छूट का अंतिम दिन था। इसलिए लोगों की सुविधा के लिए देर रात 12 बजे तक प्रॉपर्टी टैक्स जमा किया गया।
वीरेन्द्र सिंह, कार्यकारी अधिकारी, नगर निगम