पटवारी और नगर परिषद पर गिरी गाज, जनता दरबार में फुल एक्शन में दिखे अनिल विज; कई अफसरों को लगाई फटकार
मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी में जनसुनवाई के दौरान जनता की शिकायतों के समाधान में देरी करने वाले अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी।
-1794491221712_m.webp)
जनता दरबार में फुल एक्शन में दिखे अनिल विज। फोटो जागरण
HighLights
अधिकारियों को जनता की शिकायतों का तुरंत समाधान करने की चेतावनी दी।
आठ माह से इंतकाल लटकाने वाले पटवारी पर जांच और कार्रवाई।
17 साल से प्रॉपर्टी टैक्स न वसूलने पर नगर परिषद को फटकार।
दीपक बहल, अंबाला। जनता की शिकायतों को फाइलों में दबाकर बैठने वाले अधिकारियों की अब खैर नहीं। जनसमस्याओं के समाधान में देरी करने वाले अधिकारियों को सीधे कार्रवाई के लिए तैयार रहना होगा। ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की शिकायतों का तुरंत समाधान करें। लोगों को एक ही काम के लिए बार-बार दफ्तरों के चक्कर न कटवाने पड़ें। जो अधिकारी समाधान में देरी करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई करने में वह भी देर नहीं लगाएंगे।
वीरवार को अंबाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जनसमस्याएं सुनते हुए विज कई मामलों में अधिकारियों पर खासे नाराज नजर आए। आठ माह से इंतकाल लटकाने वाले पटवारी के खिलाफ जांच और दोषी पाए जाने पर निलंबन के निर्देश दिए तो 17 साल से दुकानों का प्रापर्टी टैक्स नहीं वसूलने पर नगर परिषद अधिकारियों को भी जमकर फटकार लगाई।
पटवारी की कुर्सी पर संकट
अंबाला छावनी तहसील में एक व्यक्ति आठ माह से इंतकाल दर्ज कराने के लिए चक्कर काट रहा था। शिकायत सुनते ही विज ने एसडीएम को जांच के निर्देश दिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर पटवारी एक व्यक्ति को इतने लंबे समय तक क्यों परेशान कर रहा है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में पटवारी की लापरवाही सामने आती है तो उसे निलंबित किया जाए। एक वरिष्ठ नागरिक ने भी दूसरे पटवारी पर रजिस्ट्री नहीं करने का आरोप लगाया। इस पर भी मंत्री ने कार्रवाई के निर्देश दिए।
17 साल तक टैक्स नहीं वसूला
नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए एक महिला ने शिकायत दी कि कुछ दुकानों से 17 वर्षों से प्रापर्टी टैक्स ही नहीं वसूला गया। कई बार शिकायत करने के बावजूद अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। इस पर विज ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए पूछा कि आखिर इतने वर्षों तक टैक्स की वसूली क्यों नहीं हुई। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
लालकुर्ती के होटलों पर हादसे के बाद भी नहीं जागे अधिकारी
लालकुर्ती में हाल ही में हुई आगजनी की घटना का मामला भी जनसुनवाई में उठा। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कई होटल बिना फायर एनओसी के चल रहे हैं, लेकिन नगर परिषद, फायर ब्रिगेड और पुलिस ने अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। विज ने इस पर नगर परिषद अधिकारियों को फटकार लगाई और होटलों की फायर एनओसी सहित अन्य जरूरी जांच करवाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसपी को सख्त कार्रवाई के आदेश
कबूतरबाजी के मामलों पर विज ने एसपी को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब उनके पास गृह विभाग था, तब दो बार एसआईटी गठित कर सैकड़ों कबूतरबाजों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। अब फिर कबूतरबाज सक्रिय हो रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाए।
चार फुट रास्ता हुआ बंद
नसीब बाग के लोगों ने शिकायत दी कि गली में सीवर लाइन के ऊपर बिजली के पोल लगा दिए गए हैं। इन पर ट्रांसफार्मर भी लगा है और करीब चार फुट रास्ता बाधित हो गया है। शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर विज ने बिजली निगम के एसई और एक्सईएन को जांच कर समाधान के निर्देश दिए। ग्रीन पार्क में खाली प्लाट पर कचरा फेंकने की शिकायत पर प्लाट मालिक के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
पुलिस से लेकर बिजली निगम तक की शिकायतें
जनसुनवाई में पंजोखरा साहिब थाने में धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने, महेशनगर में बिजली की तारें बदलने, विवाहिता से मारपीट के मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं करने, कुरुक्षेत्र में दूसरे प्लाटों पर गलत तरीके से बिजली मीटर लगवाने, कैंट बस स्टैंड के पास ढाबा संचालक द्वारा सरकारी शौचालय पर कब्जा करने और करधान में कब्जे होने की शिकायतें भी पहुंचीं।
उकलाना के एक व्यक्ति ने जमीन पर ट्रांसफार्मर नहीं लगाने की शिकायत रखी। विज ने संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए। पेंशन से जुड़ी शिकायतों पर भी विभागीय स्टाफ को समाधान करने को कहा।
गऊशालाओं को दिए 31.13 लाख रुपये के चेक
विज ने रामबाग गऊशाला समिति को 27.13 लाख रुपये और गांव खतौली गऊशाला समिति को चार लाख रुपये अनुदान के चेक सौंपे। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने 635 गऊशालाओं के संचालन के लिए 87.50 करोड़ रुपये का अनुदान दिया है।
शहीदी स्मारक देखने आएंगे दुनिया भर से लोग
पत्रकारों से बातचीत में विज ने कहा कि अंबाला छावनी में बने आजादी की पहली लड़ाई के शहीदी स्मारक को देखने दुनिया भर से लोग आएंगे और इसका लाभ शहर को मिलेगा। पांच नवंबर को गृह मंत्री अमित शाह ने इसका लोकार्पण किया था।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार एक माह तक निशुल्क प्रवेश के लिए कुछ ही घंटों में पूरे महीने की टिकट बुक हो गईं। अब जल्द ही शुल्क के साथ टिकटों की व्यवस्था की जाएगी। टिकट की दरें जल्द घोषित होंगी। सभी वर्गों के लिए अलग व्यवस्था होगी और स्कूली बच्चों के लिए विशेष टिकट रखे जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।