पंचकूला स्कूल कांड: बच्चे को थी 'फ्री फायर' की लत, पुलिस को 'किल टास्क' की आशंका; 12वीं क्लास रूम में किया था हमला
पंचकूला के एक स्कूल में 6 साल की बच्ची पर हमले के मामले में 8 साल के बच्चे की मोबाइल ...और पढ़ें

पंचकूला स्कूल क्रूरता मामला: बच्चे को थी 'फ्री फायर' की लत। फाइल फोटो
HighLights
पंचकूला स्कूल में बच्ची पर हमले की जांच जारी।
8 साल के बच्चे को फ्री फायर की लत की पड़ताल।
बच्चे को अंबाला बाल सुधार गृह भेजा गया।
उमेश भार्गव, अंबाला। पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित राजकीय माडल सीसे स्कूल में चार दिन पहले हुई छह साल की बच्ची से क्रूरता के मामले में आठ साल के बच्चे की मोबाइल गेम की लत से लेकर कथित रंजिश तक की जांच की जा रही है। बच्चे को फ्री फायर गेम खेलने की लत थी। ऐसे में गेम में मिलने वाले किल टास्क का घटना से कोई संबंध है या नहीं, इसकी भी पड़ताल हो रही है।
शनिवार रात बच्चे को आगामी आदेशों तक अंबाला के बाल सुधार गृह में रखा गया। यहीं उसकी काउंसलिंग और बिहेवियरल थेरेपी कराई जाएगी। पीजीआइ चंडीगढ़ में उसकी मानसिक स्थिति का आकलन हो रहा है। बच्चे ने पूछा कि क्या उसे हास्टल में रखा जाएगा और वहां खाने के लिए अच्छी चीजें मिलेंगी। वह खाने-पीने का शौकीन है। उसने घर जाने की इच्छा भी जताई।
घर में सबसे ज्यादा प्यार कौन करता है, यह पूछने पर उसने जवाब दिया कि कोई नहीं। हालांकि, वह घर लौटना भी चाहता था। शुरुआती पूछताछ में उसके व्यवहार में कोई स्पष्ट असामान्यता नहीं दिखी और मानसिक स्तर आठ-नौ साल के बच्चे जैसा प्रतीत हुआ।
स्कूल प्रबंधन ने स्वजन से की थी शिकायत
जांच में सामने आया है कि स्कूल प्रबंधन ने कई बार बच्चे के मोबाइल संबंधित शिकायत स्वजन से की थी। इसके बाद घर पर उसे मोबाइल देना बंद कर दिया गया था। पूछताछ में बच्चे ने बताया कि वह बच्ची को नीचे से ऊपर 12वीं कक्षा के क्लासरूम में इसलिए ले गया, ताकि नीचे कोई उसे देख न सके।
ईंट पहले से गेट के पास रखी थी। दूसरा पहलू यह भी जांचा जा रहा है कि क्या बच्ची ने पहले उसकी शिकायत शिक्षक से की थी, जिसके बाद उसे डांट पड़ी और उसने रंजिश पाल ली। बच्ची के उसे चिढ़ाने की बात भी सामने आई है।
बड़े विद्यार्थियों से थी दोस्ती
घटना के लिए चुना गया कमरा 12वीं कक्षा का था। शुरुआती पूछताछ में बच्चे की अपने से बड़ी उम्र के विद्यार्थियों से दोस्ती की बात सामने आई है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या वह पहले भी इस कमरे में आता-जाता था। बच्चे के अनुसार, जिस ईंट से बच्ची के सिर पर वार किया गया, वह पहले से ही क्लासरूम के गेट के पास रखी थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।