12 दिन बाद भी नहीं मिली धान की पेमेंट
अनाज मंडी में धान की खरीद शुरू हुए 12 दिन बीत चुके हैं लेकिन अभी तक पेमेंट शुरू नहीं हुई। इसे लेकर आढ़तियों में रोष है।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : अनाज मंडी में धान की खरीद शुरू हुए 12 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक पेमेंट शुरू नहीं हुई। इसे लेकर आढ़तियों में रोष है। आढ़तियों की मानें तो उनका कहना है कि सरकार ने 72 घंटे में पेमेंट देने का दावा किया था।
बता दें कि अंबाला शहर अनाज मंडी धान की खरीद के लिए 26 सितंबर को घोषणा कर दी गई थी। हालांकि तब से धान की खरीद शुरू नहीं हुई थी। 1 अक्टूबर से खरीद शुरू हुई थी। अनाज मंडी में अब तक करीबन पांच लाख क्विंटल धान की आवक हो चुकी है और लगभग चार लाख क्विंटल धान का उठान भी हो चुका है।
मार्केट कमेटी के पूर्व वाइस चेयरमैन भारत भूषण अग्रवाल ने बताया कि किसानों को इस समय धान कटाई करने वाले कंबाइन संचालक और पराली के अवशेष खत्म करने वाले यंत्रों का किराया और मजदूरी भी देनी है। मंडी में आढ़तियों को भी मजदूरी समेत अन्य खर्च उठाने पड़ रहे हैं। ऐसे में उधार से रुपये लेकर काम करना पड़ रहा है। उधार की नौबत न आए इसलिए किसानों को जल्द से जल्द भुगतान किया जाना चाहिए।