किसी गठबंधन की जरूरत नहीं, भाजपा अपने दम पर चुनाव लड़ेगी : विज
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने आज हरियाणा में चल रहे गठबंधन ट्रेंड पर अपनी प्रतिक्रिया देते कहा कि भाजपा को किसी गठबंधन की जरूरत नहीं है।
जागरण संवाददाता, अंबाला : स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने आज हरियाणा में चल रहे गठबंधन ट्रेंड पर अपनी प्रतिक्रिया देते कहा कि भाजपा को किसी गठबंधन की जरूरत नहीं है। विज ने ओम प्रकाश चौटाला द्वारा भाजपा से गठबंधन में दिखाई गई रूचि पर साफ शब्दों में कह दिया कि भाजपा को किसी गठबंधन की जरूरत नहीं भाजपा अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। विज आज अंबाला छावनी में 50 करोड़ की लागत से बने लघु सचिवालय का शिलान्यास करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। विज ने लोजपा और बसपा के गठबंधन पर भी चुटकी ली। विज ने कहा कि बसपा के हाथी ने पहले कुलदीप बिश्नोई से गठबंधन कर के उसका ट्रैक्टर तोड़ा फिर उसने इनेलो के साथ गठबंधन कर के उसका चश्मा तोड़ दिया और अब राजकुमार सैनी के साथ गठबंधन में उनका आटो कितनी देर चलता है ये देखने वाली बात है। विज से इस दौरान जब ये पूछा गया कि आईएनएलडी प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला को भाजपा से गठबंधन में कोई आपत्ति नहीं तो विज ने जवाब दिया कि भाजपा को किसी से गठबंधन की जरूरत नहीं भाजपा अपने दम पर ही चुनाव लड़ेगी। लखनऊ में प्रियंका के रोड शो के दौरान कांग्रेस द्वारा प्रियंका गांधी को इंदिरा गांधी की झलक का रूप दे कर उतारने पर विज ने कहा कि चाहे प्रियंका आ जाये चाहे घर के बाकी बचे आ जाएं मॉडल तो वही रहेगा। विज ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि अंबाला छावनी सिविल अस्पताल में बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं देने का काम किया जा रहा है। यहां पर मात्र 46 हजार रुपए में स्टंट डालने का काम किया जाता है जबकि बीपीएल परिवारों को यह सुविधा बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध है। इसलिए वे यहां आकर चिकित्सा सुविधाओं को देखें और लोगों का भ्रमित न करें।