नगर निगम ने अग्रसेन चौक से हटाया अतिक्रमण, 10 रेहड़ी जब्त की
नगर निगम ने अग्रसेन चौक से लेकर बस अड्डे तक लोगों के विरोध के बीच सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाया। इस दौरान निगम कर्मचारी करीब 10 रेहड़ियों को अपने वाहनों में लेकर चले गए।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : नगर निगम ने अग्रसेन चौक से लेकर बस अड्डे तक लोगों के विरोध के बीच सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाया। इस दौरान निगम कर्मचारी करीब 10 रेहड़ियों को अपने वाहनों में लेकर चले गए। मौके पर लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने सभी को शांत कर दिया। अब नगर निगम का सड़क किनारे से रोजाना अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखेगा।
शहर में बस अड्डे का शनिवार को परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा नामकरण करेंगे। इस दौरान विधायक असीम गोयल भी शामिल होंगे। इसको लेकर प्रशासन और नगर निगम अलर्ट हो गया है। आयुक्त के आदेश के बाद बुधवार की सुबह 11 बजे निगम टीम अग्रसेन चौक पहुंच गई। यहां पर सड़क किनारे रेहड़ी-फड़ी वालों ने अतिक्रमण कर रखा है। इससे वाहनों का दबाव होने पर जाम भी लगता है। बुधवार को निगम की टीम ने सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इसमें अग्रसेन चौक से लेकर रोडवेज बस अड्डे तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। मौके पर रेहड़ी-फड़ी वालों ने विरोध शुरू कर दिया है। मौके पर निगम कर्मियों की रेहड़ी वालों से नोकझोंक भी हुई, लेकिन निगम कर्मियों ने किसी की कोई बात नहीं सुनी। मौके पर निगम की टीम सड़क किनारे लगी रेहड़ी को अपने वाहनों में रखने काम शुरू कर दिया। साथ ही लोगों को हिदायत दी कि वे अपना अतिक्रमण खुद हटा ले। निगम कर्मियों ने कहा कि यहां पर निगम पहले भी अतिक्रमण हटा चुका है, इसके बाद भी लोग नहीं मान रहे हैं। शाम पांच बजे भी निगम ने सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची थी। इस दौरान निगम कर्मी सुरेंद्र गौतम ने बताया कि निगम 15 फरवरी तक नियमित सड़कों के किनारे से अतिक्रमण हटाने काम करेगा। इसके लिए शहर में नियमित अभियान जारी रहेगा। यहां की मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण होने से शाम में वाहनों का दबाव होने पर जाम भी लगता है। इससे वाहन चालकों को परेशानी होती है। बस अड्डे के सामने सड़क किनारे रेहड़ी-फड़ी वालों ने अतिक्रमण कर रखा था। यहां पर दिनभर रोडवेज बसें जाम भी फंसी रहती है। इससे यात्रियों को परेशानी होती है। इससे बस चालक बस अड्डे तक भी नहीं पहुंच पाते हैं, और अग्रसैन चौक से लौट जाते हैं। यहां पर टीम ने सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।