विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंबाला डिफेंस कॉलोनी में घर पर अंधाधुंध फायरिंग, दो गोलियां खिड़की के शीशे तोड़कर घुसीं; बाइक पर आए थे दो बदमाश

Published: Sat, 07 Nov 2026 07:38 PM (IST)

अंबाला की डिफेंस कॉलोनी में शनिवार तड़के दो बाइक सवार युवकों ने एक घर पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें खिड़की के शीशे टूटे लेकिन कोई घायल नहीं हुआ।

अंबाला डिफेंस कॉलोनी में घर पर अंधाधुंध फायरिंग। सांकेतिक फोटो

अंबाला डिफेंस कॉलोनी में घर पर अंधाधुंध फायरिंग। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. अंबाला डिफेंस कॉलोनी में घर पर तड़के हुई फायरिंग।

  2. काली स्प्लेंडर बाइक पर आए दो युवकों ने की गोलीबारी।

  3. खिड़की के शीशे टूटे, घर में मौजूद लोग सुरक्षित बचे।

जागरण संवाददाता, अंबाला। डिफेंस कालोनी में शनिवार तड़के बाइक सवार दो युवकों ने एक मकान पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। दोनों युवक काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर सवार आए थे। उन्होंने बाइक पर बैठे-बैठे मकान के मुख्य गेट पर गोलियां बरसाईं। फायरिंग के दौरान दो गोलियां मकान की खिड़की के शीशे तोड़कर अंदर दीवार में जा लगीं।

इस दौरान घर में महिला, उसकी बहू और चार साल का पोता सो रहे थे। गनीमत रही कि गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ। फायरिंग के बाद दोनों युवक फरार हो गए। डिफेंस कालोनी निवासी राजिंद्र कौर ने थाना पंजोखरा साहिब में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, वह अपनी पुत्रवधू मिलनप्रीत और चार साल के पोते के साथ घर में रहती है। उसका छोटा बेटा गुरप्रीत वर्ष 2016 से पुर्तगाल में रह रहा है, जबकि बड़े बेटे मंदीप उर्फ लवी को उसने करीब दो साल पहले बेदखल कर दिया था। राजिंद्र कौर ने बताया कि 6 नवंबर की रात वह अपनी बहू और पोते के साथ घर में सो रही थी।

मौके पर पहुंची सीन ऑफ क्राइम टीम

करीब तीन बजे उन्हें बाहर पटाखे चलने जैसी आवाजें सुनाई दीं। इस पर बहू ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की तो पता चला कि काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर दो युवक आए थे। दोनों ने पिस्टल से मकान के गेट पर फायरिंग की।

शनिवार सुबह सूचना मिलने पर थाना पंजोखरा साहिब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महिला की शिकायत पर दो अज्ञात बाइक सवार युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 और 59 के तहत मुकदमा नंबर 177 दर्ज किया है। साथ ही सीन आफ क्राइम टीम भी बुलाई गई।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान और वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।