दस दिनों के बाद धान की तीसरी बार हुई खरीद शुरू
गत 4 नवम्बर से बंद पड़ी धान की खरीद बृहस्पतिवार को शुरू होने से अनाज मण्डी की रौनक लौट आई है।
संवाद सहयोगी, बराडा : गत 4 नवम्बर से बंद पड़ी धान की खरीद बृहस्पतिवार को शुरू होने से अनाज मण्डी की रौनक लौट आई है। सरकारी खरीद आरम्भ होने से आढ़ती, किसान व मजदूरों ने राहत की सांस ली। गत 4 नवम्बर को धान का पीक सीजन चलते मौखिक आदेश पर अचानक खरीद बंद कर दी गई थी। इससे मंडी में बिकने के लिए पहुंचा सैकड़ों किसानों का लगभग एक लाख बीस हजार क्विंटल धान मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच खुले आसमान के नीचे पड़ा रहा। धान की आवक को लेकर आढ़ती, किसान व मजदूर चिता में थे।
इस बीच किसान लामबंद होकर आंदोलन, धरना-प्रदर्शन करने लगे जिसके चलते सरकार ने विवश होकर तीसरी बार धान की खरीद आज बृहस्पतिवार से शुरू कर दी। गत दिनों सरकार ने किसानों की उपज का दाना-दाना खरीदने की घोषणा की थी, परंतु बार-बार धान की खरीद बंद होने से किसानों व आढ़तियों के लिए परेशानी का सबब बनी रही। मार्किट कमेटी द्वारा रजिस्टर में अंतरिम व्यवस्था के अंतर्गत दर्ज कर तथा आढ़तियों द्वारा कच्ची पर्ची देकर किसानों को धान की खरीद आरंभ होने तक इंतजार का परामर्श दिया जाता रहा।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक विनोद दुबे ने बताया कि प्रथम चरण में आज मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकृत किसानों की ही उपज को खरीदा जा रहा है। अपंजीकृत किसानों के उत्पादों को सरकार के आगामी निर्देशों के अनुसार खरीदा जाएगा। सरकारी सूत्रों के अनुसार आज खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा हैफेड खरीद एजेंसी ने लगभग तीस हजार क्विंटल धान की खरीद की है जिसका उठान जल्द किया जाएगा।