विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंबाला में रोडवेज ड्राइवर-कंडक्टर ने बचाई बाइक सवार की जान, यात्रियों से भरी बस रोक घायल को पहुंचाया अस्पताल

Published: Wed, 04 Nov 2026 08:02 PM (IST)

अंबाला-हिसार हाईवे पर एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को हरियाणा रोडवेज के चालक और परिचालक ने मानवता दिखाते हुए अपनी बस में अस्पताल पहुंचाया।

यात्रियों से भरी बस रोक घायल को पहुंचाया अस्पताल।

यात्रियों से भरी बस रोक घायल को पहुंचाया अस्पताल।

HighLights

  1. अंबाला-हिसार हाईवे पर बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हुआ।

  2. रोडवेज चालक-परिचालक ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।

  3. मानवता की मिसाल पेश कर गुरिंदर सिंह की मदद की।

जागरण संवाददाता, अंबाला शहर। अंबाला-हिसार हाईवे पर बलाना बाईपास के पास हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार की मदद के लिए हरियाणा रोडवेज के चालक और परिचालक ने तत्परता दिखाई।

यात्रियों से भरी बस में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए दोनों ने घायल युवक को सड़क पर बेसहारा छोड़ने के बजाय खुद उठाया और बस में लिटाकर जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। युवक को ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा था।

रोडवेज चालक रामप्रसाद ने बताया कि बुधवार को बस सिरसा से चंडीगढ़ जा रही थी। नेशनल हाईवे पर बलाना गांव के पास बाइपास चौक से बस मुड़ रही थी। एक बाइक सवार अचानक किसी अन्य वाहन से टकराने के बाद उनकी बस से जा भिड़ा।

हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक ने तत्काल डायल 112 पर फोन कर मदद मांगी, लेकिन मौके पर कोई सहायता नहीं पहुंची। चालक रामप्रसाद और परिचालक घायल को लेकर जिला नागरिक अस्पताल पहुंच गए। यहां युवक को ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया गया।

बाद में डायल 112 की टीम भी जिला अस्पताल पहुंच गई। बस में सवार यात्रियों को भी इस दौरान करीब आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा। हादसे के बाद युवक बेहोश था होश आने पर युवक की पहचान 23 वर्षीय गुरिंदर सिंह निवासी नारायणगढ़ चुंगियां पंजाब के तौर पर हुई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।