विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंबाला सेंट्रल जेल जा रहे सिपाही पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला, 4 बदमाशों ने घेरा; मोबाइल और नकदी लूटकर फरार

Published: Sun, 13 Sep 2026 09:00 AM (IST)

गुरुग्राम पुलिस के एक कांस्टेबल पर अंबाला सेंट्रल जेल के पास चार बदमाशों ने चाकुओं से हमला कर दिया। बदमाश उसका मोबाइल फोन और 1500 रुपये लूटकर फरार हो गए।

अंबाला में गुरुग्राम पुलिस के कांस्टेबल पर चाकुओं से हमला।

अंबाला में गुरुग्राम पुलिस के कांस्टेबल पर चाकुओं से हमला।

HighLights

  1. गुरुग्राम पुलिस कांस्टेबल पर अंबाला में चाकुओं से हमला हुआ

  2. बदमाशों ने मोबाइल फोन और 1500 रुपये लूटकर फरार हुए

  3. सेंट्रल जेल जा रहे कांस्टेबल को सुनसान रास्ते में घेरा

जागरण संवाददाता, अंबाला शहर। सेंट्रल जेल जा रहे गुरुग्राम पुलिस के कांस्टेबल को सुनसान रास्ते में चार बदमाशों ने घेर लिया। दो बाइकों पर आए बदमाशों ने तेजधार हथियार और चाकू से कांस्टेबल पर हमला कर दिया। सिर, दोनों हाथों और पैरों पर चोटें लगने से वह घायल होकर सड़क पर गिर गया। इसके बाद बदमाश उसकी जेब से मोबाइल फोन और 1500 रुपये लूटकर फरार हो गए।

घायल कांस्टेबल को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

महेंद्रगढ़ के गांव चितलांग निवासी कांस्टेबल मुकेश कुमार गुरुग्राम पुलिस के वेस्ट जोन में तैनात है। वह शनिवार को सेंट्रल जेल में बंद सैफी नाम के बंदी का प्रोडक्शन वारंट रिसीव करवाने अंबाला आया था। वह सादे कपड़ों में था।

सुबह साढ़े छह बजे चला था गुरुग्राम से

मुकेश के अनुसार वह सुबह करीब साढ़े छह बजे गुरुग्राम से चला और साढ़े 12 बजे अंबाला छावनी पहुंचा। वहां से आटो लेकर बलदेव नगर पहुंचा। इसके बाद वह कबीर नगर होते हुए हर्बल पार्क की ओर से रेलवे अंडरपास से सेंट्रल जेल की तरफ पैदल जा रहा था।

अंडरपास पार करने के बाद वह कुछ देर के लिए रुका था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार युवक वहां पहुंचे और उसे घेरकर हमला कर दिया। बदमाशों ने तेजधार हथियार और चाकू से उसके सिर, दोनों हाथों और पैरों पर वार किए।

स्थानीय व्यक्ति ने दी वारदात की सूचना

हमले में घायल होकर जब वह नीचे गिर गया तो बदमाश उसकी जेब से 1500 रुपये और मोबाइल फोन निकालकर दोनों बाइकों से फरार हो गए। वारदात की सूचना किसी व्यक्ति ने डायल-112 पर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कांस्टेबल को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। थाना बलदेव नगर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- अंबाला में ठगी का मामला, बीमा कंपनी का मैनेजर बनकर महिला को लगाया 1 लाख से अधिक का चूना