अंबाला में ठगी का मामला, बीमा कंपनी का मैनेजर बनकर महिला को लगाया 1 लाख से अधिक का चूना
मैक्स लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर अंबाला की एक महिला से एक लाख 10 हजार 399 रुपये की साइबर ठगी हुई है।

बीमा कंपनी का मैनेजर बनकर महिला से 1.10 लाख ठगे।
HighLights
मैक्स लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर ठगी।
महिला से एक लाख 10 हजार 399 रुपये लूटे गए।
साइबर क्राइम थाने में शिकायत, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर। मैक्स लाइफ इंश्योरेंस की पॉलिसी के नाम पर महिला से एक लाख 10 हजार 399 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। गांव मच्छौंडा निवासी स्वर्णजीत कौर ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दो मोबाइल नंबर और बैंक खाते के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला के अनुसार जुलाई में उसने मैक्स लाइफ इंश्योरेंस की पॉलिसी करवाई थी। पांच अगस्त को उसके पति के मोबाइल पर कॉल आई।
कॉल करने वाले ने खुद को कंपनी का कर्मचारी बताते हुए पॉलिसी नंबर की जानकारी दी और अगस्त की किस्त बकाया होने की बात कही। महिला को एक बैंक खाते में किस्त जमा करने को कहा गया। उसने गूगल-पे से 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
ठगों ने कैंसिल चेक भी वॉट्सऐप पर मंगवा लिया और किस्त की फर्जी रसीद भेज दी। अगले दिन फिर कॉल आई। 60,399 रुपये जमा करने पर 24 घंटे में 1.20 लाख रुपये लौटाने का झांसा दिया गया। महिला ने रकम ट्रांसफर कर दी। रकम वापस नहीं आई तो उसने पॉलिसी एजेंट से संपर्क किया। एजेंट ने बताया कि उसकी किस्त जमा ही नहीं हुई। इसके बाद ठगी का पता चला।
