विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंबाला में लालकुर्ती बाजार के होटल में लगी आग, सभी लोगों को सुरक्षित निकाला; मौके पर पहुंचे अनिल विज

Published: Sun, 08 Nov 2026 10:33 PM (IST)

अंबाला छावनी के लालकुर्ती बाजार स्थित एक होटल में आग लग गई, लेकिन सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई हताहत नहीं हुआ।

अंबाला में लालकुर्ती बाजार के होटल में लगी आग। फोटो जागरण

अंबाला में लालकुर्ती बाजार के होटल में लगी आग। फोटो जागरण

HighLights

  1. अंबाला छावनी के होटल में अचानक आग लगी।

  2. होटल से सभी लोगों को सुरक्षित निकाला गया।

  3. मंत्री अनिल विज ने घटनास्थल का जायजा लिया।

जागरण संवाददाता, अंबाला। अंबाला छावनी के लालकुर्ती बाजार स्थित एक होटल में रविवार को अचानक आग लगने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। होटल से धुआं उठता देख बाजार में लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

होटल में आग लगने की घटना के दौरान सबसे पहले वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर ध्यान दिया गया। राहत की बात यह रही कि होटल में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

मौके पर पहुंचीं दमकल की तीन गाड़ियां

सूचना मिलने पर हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्य में जुटे अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली। दमकल कर्मियों ने तीन गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, ताकि आग को होटल के अन्य हिस्सों और आसपास की इमारतों तक फैलने से रोका जा सके।

लालकुर्ती बाजार घनी आबादी और व्यावसायिक गतिविधियों वाला क्षेत्र होने के कारण आग की घटना से लोगों में चिंता बनी रही। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है। अधिकारियों की जांच के बाद ही आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।