विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्योहारों पर रेलवे की सौगात: वैष्णो देवी और बिहार के लिए चलेंगी 3 विशेष ट्रेनें, अंबाला में भी रुकेगी

Published: Sat, 10 Oct 2026 07:34 AM (IST)

उत्तर रेलवे ने त्योहारों पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए तीन विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है, जिनमें नई दिल्ली-कटड़ा और अमृतसर-जयनगर मार्ग शामिल हैं।

10 अक्टूबर से पटरी पर दौड़ेंगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें।

10 अक्टूबर से पटरी पर दौड़ेंगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें।

HighLights

  1. उत्तर रेलवे चलाएगा तीन विशेष त्योहार ट्रेनें

  2. नई दिल्ली-कटड़ा और अमृतसर-जयनगर मार्ग पर

  3. अंबाला कैंट स्टेशन पर होगा ठहराव

दीपक बहल, अंबाला। त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने आरक्षित विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इसके तहत नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच दो जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।

इसके अलावा अमृतसर-जयनगर के बीच स्पेशल एक्सप्रेस का संचालन भी किया जाएगा। इन ट्रेनों का अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर ठहराव निर्धारित किया गया है, जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी।

रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 04085/04086 नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा विशेष ट्रेन 10 अक्टूबर को नई दिल्ली से रवाना होगी। यह ट्रेन 11 अक्टूबर को कटड़ा से वापसी करेगी।

दूसरी विशेष ट्रेन 04485/04486 नई दिल्ली से 11 अक्टूबर और कटड़ा से 12 अक्टूबर को चलेगी। दोनों ट्रेनों में एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच होंगे।

अंबाला कैंट में दोनों दिशाओं में ठहराव

नई दिल्ली से कटड़ा जाने वाली दोनों विशेष ट्रेनें अंबाला कैंट स्टेशन पर शाम 5:35 बजे पहुंचेंगी और 5:45 बजे रवाना होंगी। वापसी में कटड़ा से दिल्ली की ओर आने वाली ट्रेनें अंबाला कैंट पर सुबह 10:10 बजे पहुंचेंगी और 10:15 बजे प्रस्थान करेंगी।

इन ट्रेनों का ठहराव सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र, धंधारी कलां, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू तवी और अन्य निर्धारित स्टेशनों पर भी रहेगा।

अमृतसर-जयनगर विशेष एक्सप्रेस 16 अक्टूबर से

रेलवे ने 04652/04651 अमृतसर-जयनगर-अमृतसर एक्सप्रेस चलाने का भी फैसला किया है। अमृतसर से यह स्पेशल ट्रेन 16 अक्टूबर से 29 नवंबर तक कुल 20 फेरे लगाएगी। वापसी में जयनगर से इसका संचालन 18 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक निर्धारित है।

अमृतसर से चलने वाली ट्रेन बुधवार, शुक्रवार और रविवार को रवाना होगी, जबकि जयनगर से वापसी शुक्रवार, रविवार और मंगलवार को होगी। यह ट्रेन अंबाला कैंट स्टेशन पर दोपहर 2:45 बजे पहुंचेगी और 2:50 बजे रवाना होगी।

वापसी में जयनगर से अमृतसर की ओर आने वाली ट्रेन अंबाला कैंट पर सुबह 10:10 बजे पहुंचेगी और 10:15 बजे प्रस्थान करेगी।

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले ट्रेनों के समय और ठहराव की जानकारी रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा या 139 से प्राप्त कर लें।

यह भी पढ़ें- दिवाली से पहले हरियाणा सरकार का बड़ा तोहफा! गरीब किसानों से दूध खरीदेगा वीटा, भैंस खरीदने पर मिलेगी 80000 सब्सिडी