शहर की एक्स-रे मशीन खराब, छावनी की ओर लगाई दौड़
करीब आठ किलोमीटर की दौड़ लगाते हुए डाक्टर छावनी पहुंचे। जहां पहले से मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण व्यवस्था प्रभावित रही।
जागरण संवाददाता, अंबाला: नागरिक अस्पताल अंबाला शहर की एक्स-रे मशीन में फाल्ट आने पर मरीजों की परेशानी बढ़ गई। अधिकतर मरीजों ने तो प्राइवेट सेंटरों में जाकर अपने एक्स-रे करवा लिए। कुछ शहर से छावनी के नागरिक अस्पताल पहुंचे। करीब आठ किलोमीटर की दौड़ लगाते हुए डाक्टर छावनी पहुंचे। जहां पहले से मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण व्यवस्था प्रभावित रही। छावनी अस्पताल में आए मेडिकल केस के मरीज तो एक्स-रे की पर्चियां तक लेकर पहुंचे। मरीजों का कहना था कि उन्हें मशीन खराब होने की कोई जानकारी नहीं थी। पर्ची कटवाने के बाद वह एक्स-रे रूम के पास पहुंचे तो पता चला कि मशीन ही खराब पड़ी है। आखिर में प्राइवेट सेंटर का एक्स-रे मान्य ना होने के कारण वह छावनी अस्पताल पहुंचे। जहां पहले से मरीजों की भीड़ होने के कारण उन्हें प्रतीक्षा करनी पड़। तब कहीं जाकर एक्स-रे हुए। बता दें कि अंबाला शहर नागरिक अस्पताल की एक्स-रे मशीन विगत दिवस में कई बार खराब हो चुकी है। बावजूद विभाग की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई।
-------------
फोटो- 15
मेडिकल के लिए करवाना था एक्स-रे
अंबाला शहर के बलदेव नगर निवासी ममता ने बताया कि मेडिकल करवाने के लिए आई थी। बाजू में दर्द होने के कारण डाक्टर ने एक्स-रे लिख दिया था। शहर अस्पताल में एक्स-रे मशीन खराब होने के कारण वह छावनी अस्पताल पहुंची। इस काम में ही तीन घंटे लग गए।
-------
फोटो- 16
किराया-भाड़ा लगने के साथ परेशानी अलग
बलदेव नगर निवासी बाला देवी ने बताया कि एक्स-रे मशीन खराब है तो विभाग को इसकी वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए थी। पहले किराया खर्च कर वह अंबाला शहर आई और फिर शहर से छावनी। समय ज्यादा लगने के कारण परेशानी अलग हुई।