करतार नगर में हर घर ने गोद लिया पौधा, हर अच्छे मौके पर लगाते हैं पौधे
जरूरी नहीं है कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत एक बड़े अभियान के साथ की जाए बल्कि इसकी शुरुआत घर आंगन से भी की जा सकती है।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : जरूरी नहीं है कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत एक बड़े अभियान के साथ की जाए बल्कि इसकी शुरुआत घर आंगन से भी की जा सकती है। शहर की करतार नगर वेलफेयर एसोसिएशन कुछ इसी अंदाज में पर्यावरण के लिए काम कर रही है। करीब तीन दशक पहले जब करतार नगर विकसित हो रहा था तब राजेंद्र कुमार दीवान, इंद्र देव जिदल, सतपाल त्रेहन व मोहन लाल गुप्ता आदि ने इस इलाके को हरा भरा करने की शुरुआत की थी। करीब पांच साल पहले जब एसोसिएशन रजिस्टर्ड हुई तो अगली पीढ़ी ने संकल्प लिया कि हर घर में एक एक पौधा लगाया जाएगा और उसे परिवार बाकायदा गोद लेगा ताकि न केवल पौधे लगाए जाएं बल्कि संरक्षित भी किए जाएं। इस काम में बच्चों को साथ जोड़ा गया है ताकि बच्चे इसे आगे लेकर जाएं। अब होली, दीवाली, तीज त्योहार सहित कोई भी अच्छा मौका आता है एसोसिएशन अपने पार्कों में पौधा लगाना नहीं भूलती।
एसोसिएशन के प्रधान विजय कुमार दीवान ने बताया कि इस एसोसिएशन में करीब पैंतीस सदस्य हैं। जिसमें डॉ.ओपी आर्य, कृष्ण जिदल, प्रो. सलिल दोसाझ, सुरजीत सिंह गोगी, बैंक मैनेजर कर्मजीत सिंह, वीके कपूर आदि सक्रिय सदस्य हैं। एसोसिएशन शहर की उन संगठनों में शामिल है जिन्हें प्रशासन पार्कों के रख रखाव के लिए प्रमोट करता है।
ग्लोबल वार्मिंग को देख उठाया बीड़ा
एसोसिएशन के प्रधान के मुताबिक ग्लोबल वार्मिंग चिता का विषय है। जिसको देखते हुए उन्होंने अपने आसपास के क्षेत्र को हरा भरा करने का निर्णय लिया था। अगर उन्हें सहयोग मिलता है तो करतार नगर के घरों के लोग दूसरे इलाके में भी मुहिम चला सकते हैं। लोगों को जागरूक कर सकते हैं। वह अन्य लोगों को भी अपने मॉडल पर चलने को कहेंगे।