हाथीखाना मंदिर के पास बनेगा धोबीघाट, 20 लाख का टेंडर जारी
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि टेंडर सात सितंबर को खोला जाएगा और जिसके बाद ठेकेदार को वर्क ऑर्डर अलॉट किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, अंबाला : छावनी के हाथीखाना मंदिर के पास 20 लाख की लागत से धोबी घाट बनेगा। नगर निगम सदर जोन की ओर से दो सितंबर को टेंडर जारी कर दिया गया है। नया धोबी घाट बनने से इस व्यवसाय से जुड़े लोगों को फायदा होगा। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि टेंडर सात सितंबर को खोला जाएगा और जिसके बाद ठेकेदार को वर्क ऑर्डर अलॉट किया जाएगा।
छावनी की बात करें तो यहां पर दो धोबी घाट हैं। एक घाट इंद्रा पार्क के पास तो दूसरा हाथीखाना मंदिर के पास है। इंद्रा पार्क के पास बने धोबीघाट का पुनर्निर्माण हो चुका है। करीब 36 लाख रुपये की लागत से यहां पर पुराने धोबीघाट की जगह नया धोबीघाट बनाया जा चुका है। इसके अलावा ग्राउंड में इंटरलॉकिग टाइल्स को बिछाया गया है। फरवरी 2019 में इसका शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज कर चुके हैं। अब हाथी खाना मंदिर के पास बने हुए दूसरे धोबी घाट का दोबारा से निर्माण कार्य किया जाएगा। इसका निर्माण कार्य 20 लाख की लागत से होता।
---------
कमरे की भी होगी सुविधा
नगर निगम के इंजीनियर ब्रांच की ओर से जारी किए गए टेंडर के मुताबिक निर्धारित फंड से धोबीघाट बनेगा। सदर जोन के वार्ड-2 में बनने वाले इस धोबीघाट में एक रूम सेट बनाए जाने की भी योजना है। आराम करने और सामान तक रखने की सुविधा होगी। --------
चार माह में बनाना होगा धोबाघाट
निगम के अधिकारियों ने बताया कि टेंडर को 7 सितंबर की शाम 5 बजे खोला जाएगा। टेंडर खुलने के बाद जिस ठेकेदार के रेट सही पाया जाएगा उसके बाद वर्क ऑर्डर जारी होगा और ठेकेदार को चार महीने के निर्धारित समय में यह काम पूरा करना होगा।